मिशन शक्ति अभियान के तहत महिलाओं और बालिकाओं को किया जागरूक

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

महराजगंज। महिलाओं और बालिकाओं की सुरक्षा, सम्मान एवं स्वावलंबन को बढ़ावा देने के उद्देश्य से महराजगंज पुलिस द्वारा मिशन शक्ति फेज-6.0 के तहत जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में शुक्रवार को पुलिस अधीक्षक शक्ति मोहन अवस्थी के निर्देशन में कोतवाली थाना क्षेत्र के धनेवा धनेई में मिशन शक्ति एवं एंटी रोमियो टीम ने जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया।

कार्यक्रम के दौरान पुलिस टीम ने महिलाओं और बालिकाओं को नए आपराधिक कानूनों, महिला सुरक्षा, अधिकारों एवं सशक्तीकरण से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारियां दीं। साथ ही महिलाओं के कल्याण के लिए संचालित विभिन्न सरकारी योजनाओं के बारे में विस्तार से बताया गया।

पुलिसकर्मियों ने बाल विवाह, दहेज प्रथा और घरेलू हिंसा जैसी सामाजिक कुरीतियों के खिलाफ आवाज उठाने तथा इनके उन्मूलन में सक्रिय भागीदारी निभाने के लिए प्रेरित किया। इस दौरान साइबर अपराधों से बचाव के उपाय भी बताए गए। पुलिस टीम ने कहा कि किसी भी प्रकार की साइबर धोखाधड़ी होने पर तत्काल हेल्पलाइन नंबर 1930 पर शिकायत दर्ज कराएं।

इसके अलावा महिला हेल्पलाइन 1090, 181, आपातकालीन सेवा 112 और चाइल्ड हेल्पलाइन 1098 के संबंध में जानकारी देकर जरूरत पड़ने पर इनका उपयोग करने की अपील की गई।

कार्यक्रम में महिला उपनिरीक्षक ज्योति राय, महिला आरक्षी निशा कुमारी, आरक्षी वीरेंद्र यादव और आकाश भारती मौजूद रहे। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि मिशन शक्ति अभियान के तहत महिलाओं और बालिकाओं को जागरूक करने के लिए ऐसे कार्यक्रम लगातार आयोजित किए जा रहे हैं।

और पढ़ें

[the_ad id="164"]