हरदोई। उत्तर प्रदेश विधान परिषद के लखनऊ खंड शिक्षक एवं स्नातक निर्वाचन क्षेत्रों के लिए शुक्रवार को मतदान जारी है। सुबह आठ बजे से शुरू हुई मतदान प्रक्रिया शाम चार बजे तक चलेगी। निष्पक्ष, पारदर्शी और शांतिपूर्ण मतदान संपन्न कराने के लिए जिला प्रशासन और पुलिस पूरी तरह सतर्क है। मतदान केंद्रों पर सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं।
जिलाधिकारी राहुल पांडेय और पुलिस अधीक्षक अशोक कुमार मीणा ने टोडरपुर ब्लॉक और शाहाबाद तहसील स्थित मतदान केंद्रों का औचक निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। इस दौरान अधिकारियों ने मतदान केंद्रों पर तैनात कर्मचारियों से मतदान प्रक्रिया की जानकारी ली और आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
जिलाधिकारी ने मतदान कर्मियों को निर्देशित किया कि चुनाव प्रक्रिया पूरी निष्पक्षता और पारदर्शिता के साथ संपन्न कराई जाए। साथ ही मतदान करने पहुंचने वाले मतदाताओं को किसी प्रकार की असुविधा न होने दी जाए। पुलिस अधीक्षक ने सुरक्षा व्यवस्था का निरीक्षण करते हुए ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मियों को सतर्क रहने के निर्देश दिए।
प्रशासन की ओर से मतदान केंद्रों पर लगातार निगरानी रखी जा रही है, ताकि किसी भी प्रकार की अव्यवस्था उत्पन्न न हो। वहीं, शिक्षक एवं स्नातक मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग करने के लिए मतदान केंद्रों पर पहुंच रहे हैं।
अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि मतदान के दौरान शांति व्यवस्था बनाए रखना प्रशासन की प्राथमिकता है। चुनाव प्रक्रिया में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।









