कानपुर में चोरी और लूट का शातिर आरोपी गुलजार गिरफ्तार, एक दर्जन से अधिक मुकदमे दर्ज

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

कानपुर। रेलवे स्टेशन और उसके आसपास चोरी व लूट की वारदातों को अंजाम देकर फरार चल रहे शातिर अपराधी गुलजार को जीआरपी पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी पिछले करीब एक महीने से पुलिस की गिरफ्त से दूर था। जीआरपी ने सर्विलांस और सटीक सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए आरोपी को उसके घर से दबोच लिया।

पुलिस के मुताबिक, गिरफ्तार आरोपी गुलजार के खिलाफ विभिन्न थानों में चोरी और लूट समेत एक दर्जन से अधिक आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं। आरोपी रेलवे स्टेशन के आउटर क्षेत्र में यात्रियों को निशाना बनाता था। मौका पाकर यात्रियों के मोबाइल फोन और पर्स लूटकर फरार हो जाता था। उसकी आपराधिक गतिविधियों के चलते जीआरपी लंबे समय से उसकी तलाश में जुटी थी।

लगातार फरार चल रहे आरोपी की लोकेशन का पता लगाने के लिए पुलिस ने सर्विलांस की मदद ली। इसी दौरान मिली सटीक सूचना के आधार पर जीआरपी टीम ने दबिश देकर गुलजार को गिरफ्तार कर लिया।

जीआरपी अधिकारियों के अनुसार, आरोपी के खिलाफ आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जा रही है। पुलिस उसके आपराधिक इतिहास और अन्य घटनाओं में संलिप्तता की भी जांच कर रही है। आरोपी को न्यायालय में पेश कर जेल भेजने की प्रक्रिया जारी है।

और पढ़ें

[the_ad id="164"]