जिले में स्नातक खंड के लिए 16 और शिक्षक खंड के लिए 9 मतदान केंद्र बनाए गए हैं। चुनाव प्रक्रिया को सुचारू रूप से संपन्न कराने के लिए 12 मजिस्ट्रेट और 6 जोनल मजिस्ट्रेट तैनात किए गए हैं। जिले में कुल 12,425 स्नातक मतदाता और 2,321 शिक्षक मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग कर सकेंगे।
स्नातक खंड चुनाव में 13 और शिक्षक खंड चुनाव में 15 उम्मीदवार मैदान में हैं। भाजपा ने स्नातक खंड से मानवेन्द्र प्रताप और शिक्षक खंड से हरिकिशोर तिवारी को प्रत्याशी बनाया है। वहीं समाजवादी पार्टी ने स्नातक खंड से शशांक यादव उर्फ सीटू यादव और शिक्षक खंड से आकाश अग्रवाल को उम्मीदवार बनाया है। आकाश अग्रवाल वर्तमान में इसी सीट से निर्दलीय एमएलसी हैं।
जिलाधिकारी इंद्रमणि त्रिपाठी ने बताया कि मतदान को निष्पक्ष और शांतिपूर्ण संपन्न कराने के लिए सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं।
रिपोर्टर – सत्येंद्र कुमार









