
जिले में दोनों निर्वाचन क्षेत्रों के लिए 15-15 मतदान केंद्र और 19-19 मतदेय स्थल निर्धारित किए गए हैं। स्नातक सीट पर 10,669 और शिक्षक सीट पर 6,694 मतदाता सहित कुल 17,363 मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे।
चुनाव में भाजपा और सपा के बीच मुकाबला माना जा रहा है। भाजपा से स्नातक सीट पर डॉ. मानवेंद्र सिंह और शिक्षक सीट पर डॉ. किशोर तिवारी मैदान में हैं। वहीं, सपा ने स्नातक सीट पर डॉ. शशांक यादव और शिक्षक सीट पर आकाश अग्रवाल को प्रत्याशी बनाया है।
चुनाव को निष्पक्ष तरीके से संपन्न कराने के लिए सात जोनल मजिस्ट्रेट, रिजर्व सहित 17 सेक्टर मजिस्ट्रेट और 41 माइक्रो ऑब्जर्वर तैनात किए गए हैं। अधिकारी कंट्रोल रूम के माध्यम से मतदान पर नजर रख रहे हैं। वहीं, मतदाताओं को उम्मीद है कि उनके चुने हुए प्रतिनिधि शिक्षा विभाग में सुधार और पुरानी पेंशन बहाली जैसे मुद्दों पर प्रभावी पहल करेंगे।









