बाराबंकी में एमएलसी चुनाव की तैयारियां पूरी, 72 पोलिंग पार्टियां रवाना

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

बाराबंकी। जिले में स्नातक और शिक्षक एमएलसी चुनाव को लेकर प्रशासन ने तैयारियां पूरी कर ली हैं। 23 अक्टूबर को होने वाले मतदान के लिए गुरुवार को 72 पोलिंग पार्टियों को मतदान केंद्रों के लिए रवाना किया गया। मुख्य विकास अधिकारी पंकज वर्मा ने चुनावी तैयारियों की समीक्षा कर संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
जिले में स्नातक और शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र के लिए अलग-अलग मतदान केंद्र बनाए गए हैं। स्नातक निर्वाचन क्षेत्र में कुल 37,111 मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे। इसके लिए 54 मतदान केंद्र निर्धारित किए गए हैं। वहीं, शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र में 2,386 मतदाता वोट डालेंगे, जिनके लिए 18 मतदान केंद्र बनाए गए हैं।

मतदान प्रक्रिया को निष्पक्ष, शांतिपूर्ण और व्यवस्थित तरीके से संपन्न कराने के लिए प्रत्येक मतदान केंद्र पर एक पीठासीन अधिकारी और तीन मतदान अधिकारियों की तैनाती की गई है। इसके साथ ही सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी आवश्यक इंतजाम किए गए हैं।

प्रशासन ने सभी अधिकारियों और कर्मचारियों को पूरी सतर्कता और जिम्मेदारी के साथ ड्यूटी निभाने के निर्देश दिए हैं। अधिकारियों का उद्देश्य मतदान प्रक्रिया को सुचारु रूप से संपन्न कराना और मतदाताओं को शांतिपूर्ण माहौल में मतदान का अवसर उपलब्ध कराना है। चुनाव को लेकर प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद है।

और पढ़ें

[the_ad id="164"]