सिद्धार्थनगर जिले के बांसी ब्लॉक की ग्राम पंचायत आमामाफी में पोखरे के भीटे पर मिट्टी पटाई कर नया रास्ता बनाए जाने का मामला सामने आया है। ग्रामीणों का आरोप है कि करीब 50 वर्षों से इस्तेमाल हो रहे पुराने रास्ते को छोड़कर लगभग 100 फीट दूर ट्रैक्टरों की मदद से नए रास्ते का निर्माण कराया जा रहा है।

ग्रामीणों के मुताबिक, पिच रोड से बगीचे तक एग्रो रोड की पटाई पिछले करीब 15 दिनों से कागजों में चल रही है, जबकि अब रात के अंधेरे में कई ट्रैक्टर लगाकर पोखरे के भीटे पर मिट्टी डाली जा रही है। ग्रामीणों ने इस कार्य की अनुमति और इसके पीछे जिम्मेदार लोगों की भूमिका पर सवाल उठाए हैं।
ग्रामीणों का कहना है कि मौजूदा रास्ते से जल जीवन मिशन के तहत बनी पानी की टंकी और श्मशान घाट तक भी आवागमन होता है। इसके अलावा परसपुर गांव के लोगों के लिए भी यह रास्ता महत्वपूर्ण है।
वहीं, इस मामले में मुख्य विकास अधिकारी बलराम सिंह ने जांच कराकर उचित कार्रवाई करने का आश्वासन दिया है। अब देखना होगा कि जांच के बाद प्रशासन क्या कदम उठाता है और ग्रामीणों की शिकायतों का समाधान हो पाता है या नहीं।









