महराजगंज जिले के सोनौली कोतवाली क्षेत्र में डंडा नदी में मछली पकड़ने गया 18 वर्षीय युवक संदिग्ध परिस्थितियों में लापता हो गया। घटना बुधवार शाम करीब 6:30 बजे की बताई जा रही है। युवक के नदी में डूबने की आशंका के चलते पुलिस और प्रशासन की टीम तलाश अभियान में जुटी हुई है।
लापता युवक की पहचान हरदी डाली गांव निवासी शेर मोहम्मद के रूप में हुई है। जानकारी के मुताबिक, युवक डंडा पुल से करीब 700 मीटर उत्तर दिशा में नदी में मछली पकड़ने के लिए उतरा था। इसके बाद से उसका कोई सुराग नहीं मिल सका।
घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस और प्रशासन सक्रिय हो गया। नौतनवा के एसडीएम कुणाल ने मौके पर पहुंचकर घटनास्थल का जायजा लिया। प्रशासन की निगरानी में एसडीआरएफ की मदद से नदी में युवक की तलाश की जा रही है।
उधर, युवक के लापता होने की खबर से परिजनों में चीख-पुकार मची हुई है। परिवार के लोगों का रो-रोकर बुरा हाल है और वे शेर मोहम्मद की सकुशल वापसी की उम्मीद लगाए बैठे हैं।
फिलहाल, युवक का कोई पता नहीं चल सका है। प्रशासन की ओर से नदी में तलाश अभियान जारी है। अब सभी की निगाहें बचाव दल पर टिकी हैं कि लापता युवक को जल्द खोजा जा सके।









