मथुरा। जिले के छाता थाना क्षेत्र स्थित भारतीय स्टेट बैंक (एसबीआई) की तरौली शाखा में गुरुवार तड़के करीब तीन बजे अचानक आग लगने से अफरा-तफरी मच गई। आग बैंक में लगे बिजली के पैनलों में लगी, जिससे पैनल और आसपास का हिस्सा बुरी तरह प्रभावित हो गया। हालांकि, समय रहते आग पर काबू पा लिया गया, जिससे बड़ा हादसा टल गया।
घटना की जानकारी मिलते ही बैंक शाखा प्रबंधक हेमंत कुमार मौके पर पहुंचे और तत्काल डायल 112 पर सूचना दी। इसके बाद तत्परता दिखाते हुए आग बुझाने के प्रयास शुरू किए गए। समय रहते आग पर काबू पा लिया गया।
स्थानीय लोगों के अनुसार, यदि आग समय पर नहीं बुझाई जाती तो बैंक में बड़ा नुकसान हो सकता था। फिलहाल आग से हुए नुकसान का आकलन किया जा रहा है।
शाखा प्रबंधक हेमंत कुमार ने बताया कि प्रथम दृष्टया आग लगने का कारण बिजली का शॉर्ट सर्किट प्रतीत हो रहा है। हालांकि, तकनीकी जांच के बाद ही वास्तविक कारण स्पष्ट हो सकेगा।
गौरतलब है कि एसबीआई की तरौली शाखा करीब पांच दिन पहले ही तरौली बाजार से अकबरपुर-शेरगढ़ रोड स्थित नए भवन में स्थानांतरित हुई थी। नई इमारत में बैंक का संचालन शुरू होने के कुछ ही दिनों बाद आग लगने से विद्युत व्यवस्था और सुरक्षा इंतजामों पर सवाल उठने लगे हैं।









