कासगंज। जनपद के गंजडुंडवारा नगर में दशहरा पर्व के दौरान बाग पंचायती में युवकों के दो गुटों के बीच जमकर मारपीट हो गई। मामूली कहासुनी से शुरू हुआ विवाद देखते ही देखते हिंसक झड़प में बदल गया। इस दौरान जमकर लाठी-डंडे और लात-घूंसे चले। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद मामला चर्चा का विषय बन गया है।
जानकारी के अनुसार, दशहरा पर्व के दिन प्रिंस नामक युवक बाग पंचायती में मेला देखने गया था। इसी दौरान कुछ युवकों से किसी बात को लेकर उसका विवाद हो गया। आरोप है कि कहासुनी के बाद युवकों ने प्रिंस पर लाठी-डंडों और लात-घूंसों से हमला कर दिया। बीच-बचाव करने पहुंचे उसके साथियों के साथ भी मारपीट की गई। आरोपियों पर जान से मारने की धमकी देकर मौके से फरार होने का भी आरोप है।
घटना के बाद घायल प्रिंस के पिता गौरव कुमार ने गंजडुंडवारा थाने में तहरीर देकर आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। उन्होंने मारपीट का वीडियो होने की बात भी पुलिस को बताई।
पुलिस ने तहरीर के आधार पर विभास उर्फ कृष्णा, कृष्णा श्रीवास्तव, ऋषभ उपाध्याय, आकाश पचौरी, धनुष और विशाल पाण्डेय समेत छह नामजद आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। पुलिस ने मामले की जांच और आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।








