हरिद्वार। कांग्रेस की राष्ट्रीय प्रवक्ता रागिनी नायक ने अंकिता भंडारी हत्याकांड को लेकर भाजपा सरकार पर गंभीर आरोप लगाते हुए न्याय की लड़ाई सड़क से संसद तक लड़ने का ऐलान किया है। बुधवार को देवपुरा स्थित प्रेस क्लब में आयोजित पत्रकार वार्ता में उन्होंने कहा कि अंकिता के परिवार को न्याय मिलने तक कांग्रेस का संघर्ष जारी रहेगा।
रागिनी नायक ने मामले की सीबीआई जांच पर सवाल उठाते हुए कथित वीआईपी की भूमिका की निष्पक्ष जांच कराने की मांग की। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार मामले से जुड़े प्रभावशाली लोगों को बचाने का प्रयास कर रही है। उन्होंने कहा कि अंकिता हत्याकांड केवल एक परिवार का मामला नहीं, बल्कि प्रदेश की बेटियों की सुरक्षा और न्याय व्यवस्था से जुड़ा गंभीर सवाल है।
कांग्रेस प्रवक्ता ने बताया कि लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने भी इस मामले को लेकर राष्ट्रपति को पत्र लिखा है। कांग्रेस हर स्तर पर अंकिता के परिवार की आवाज उठाएगी।
वहीं, रागिनी नायक ने विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) प्रक्रिया को लेकर भाजपा और चुनाव आयोग पर भी निशाना साधा। उन्होंने आरोप लगाया कि एसआईआर के नाम पर मतदाता सूची से लोगों के नाम हटाए जा रहे हैं, जिससे उनके लोकतांत्रिक अधिकार प्रभावित हो सकते हैं।
उन्होंने मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग करते हुए कहा कि कांग्रेस मतदान के अधिकार की रक्षा के लिए जनजागरूकता अभियान चलाएगी। साथ ही दावा किया कि आने वाले समय में उत्तराखंड की जनता राजनीतिक बदलाव करेगी।









