हमीरपुर। जिले के सुमेरपुर थाना क्षेत्र के टेढ़ा गांव में बुधवार को उस समय हड़कंप मच गया, जब गांव की सड़क किनारे स्थित बंधी में एक अज्ञात व्यक्ति का शव उतराता हुआ दिखाई दिया। शव मिलने की खबर फैलते ही मौके पर ग्रामीणों की भीड़ जुट गई। स्थानीय लोगों ने तत्काल इसकी सूचना पुलिस को दी।
सूचना मिलते ही सुमेरपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने बंधी से शव को बाहर निकलवाकर अपने कब्जे में ले लिया। मृतक की उम्र लगभग 60 वर्ष बताई जा रही है। फिलहाल मृतक की पहचान नहीं हो सकी है। पुलिस आसपास के गांवों में पूछताछ कर शव की शिनाख्त कराने का प्रयास कर रही है।
अचानक बंधी में शव मिलने से ग्रामीणों के बीच तरह-तरह की चर्चाएं शुरू हो गई हैं। हालांकि, व्यक्ति की मौत किन परिस्थितियों में हुई और शव बंधी तक कैसे पहुंचा, इसका अभी तक पता नहीं चल सका है।
पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है। शव की पहचान होने और पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा। फिलहाल इस घटना से टेढ़ा गांव और आसपास के इलाके में सनसनी का माहौल बना हुआ है।









