देवरिया। जनपद के भटनी थाना क्षेत्र के नोनापार गांव में मंगलवार की देर रात भीषण अग्निकांड से हड़कंप मच गया। एक झोपड़ी में अचानक आग लगने से तीन वर्षीय मासूम बच्ची समेत तीन लोगों की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि एक महिला गंभीर रूप से झुलस गई। हादसे के बाद पूरे गांव में मातम पसरा हुआ है।
जानकारी के अनुसार, मंगलवार की रात करीब डेढ़ बजे नोनापार गांव स्थित एक झोपड़ी में अचानक आग लग गई। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया। झोपड़ी में मौजूद लोगों को बाहर निकलने तक का मौका नहीं मिल सका। आग की लपटें उठती देख ग्रामीणों में अफरा-तफरी मच गई।
सूचना मिलते ही पुलिस और अग्निशमन विभाग की टीम मौके पर पहुंची। कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया। झुलसे लोगों को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भटनी पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने जितेंद्र (32) पुत्र लालचंद्र, बालकिशन पुत्र अदालत और जितेंद्र की तीन वर्षीय बेटी शनि को मृत घोषित कर दिया।
वहीं, जितेंद्र की पत्नी लीला गंभीर रूप से झुलस गईं। हालत नाजुक होने पर चिकित्सकों ने उन्हें बेहतर उपचार के लिए रेफर कर दिया।
एक साथ तीन लोगों की मौत से परिजनों में कोहराम मचा है। ग्रामीण भी घटना से स्तब्ध हैं। फिलहाल आग लगने के कारणों का पता नहीं चल सका है। क्षेत्राधिकारी भाटपाररानी मनोज कुमार ने बताया कि पुलिस मामले में आवश्यक विधिक कार्रवाई कर रही है।
लोकेशन – देवरिया









