लखनऊ के शिवा शर्मा हत्याकांड में मुख्य आरोपी श्रद्धा दुबे की गिरफ्तारी न होने पर पुलिस पर सवाल उठ रहे हैं| अब DCP भी हटाए गए|
श्रद्धा की गिरफ्तारी में जुटीं 10 टीमे
उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में कारोबारी शिवा शर्मा की संदिग्ध मौत का मामला लगातार चर्चा में है| इस मामले में आरोपी मॉडल और सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर श्रद्धा दुबे अब तक पुलिस की गिरफ्त से बाहर हैं| उनकी तलाश के लिए पुलिस की 10 टीमें लगाई गई हैं| श्रद्धा पर घोषित इनाम 25 हजार रुपये से बढ़ाकर 50 हजार रुपये कर दिया गया है| उनके खिलाफ गैर-जमानती वारंट भी जारी है| मामले में कार्रवाई के बीच इंस्पेक्टर हजरतगंज विक्रम सिंह को लाइन हाजिर कर दिया गया है, जबकि पुलिस उपायुक्त विक्रांत वीर को डीजीपी कार्यालय से अटैच किया गया है|
वीडियो जारी कर श्रद्धा ने खुद को बताया निर्दोष
फरार श्रद्धा दुबे ने वीडियो जारी कर अपने ऊपर लगे आरोपों को खारिज किया है. उनका दावा है कि शिवा शर्मा की मौत हत्या नहीं, बल्कि आत्महत्या थी| श्रद्धा ने कहा कि उन्होंने शिवा को अपनी आंखों के सामने बालकनी से नीचे गिरते देखा था और इस घटना से उनका कोई लेना-देना नहीं है| हालांकि, पुलिस की जांच और मामले में दर्ज शिकायत के बीच श्रद्धा की गिरफ्तारी अब भी एक अहम सवाल बनी हुई है|
9 अक्टूबर को चौथी मंजिल से गिरकर हुई थी मौत
जानकारी के मुताबिक, 9 अक्टूबर को लखनऊ के हजरतगंज स्थित अवध ग्रीन अपार्टमेंट की चौथी मंजिल से गिरने के बाद कारोबारी शिवा शर्मा की मौत हो गई थी| इसी मंजिल पर श्रद्धा दुबे रहती थीं| शिवा की मां ने श्रद्धा, उनकी बहन रश्मि और ड्राइवर तनवीर के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज कराया है| मां का आरोप है कि शिवा की मौत आत्महत्या नहीं, बल्कि हत्या है| उन्होंने श्रद्धा को शिवा का लिव-इन पार्टनर भी बताया है| शुरुआती जानकारी में श्रद्धा के नेपाल में होने की बात सामने आई थी| फिलहाल, मामले में पुलिस की कार्रवाई और श्रद्धा की गिरफ्तारी पर सभी की नजरें टिकी हैं|








