विधानसभा अध्यक्ष सतीश महाना के खिलाफ आपत्तिजनक टिप्पणी का आरोप, कांग्रेस जिलाध्यक्ष समेत पांच पर FIR

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

‘बहाना जी’ नाम से फेसबुक पेज बनाकर छवि धूमिल करने का आरोप, भाजपा युवा मोर्चा पदाधिकारी की शिकायत पर कार्रवाई

कानपुर। उत्तर प्रदेश विधानसभा अध्यक्ष सतीश महाना के खिलाफ सोशल मीडिया पर कथित आपत्तिजनक टिप्पणी करने के मामले में चकेरी थाने में कांग्रेस ग्रामीण जिलाध्यक्ष संदीप शुक्ला समेत पांच लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। आरोप है कि फेसबुक पर ‘बहाना जी’ नाम से पेज बनाकर विधानसभा अध्यक्ष की छवि धूमिल करने का प्रयास किया जा रहा था।

जानकारी के मुताबिक, भारतीय जनता पार्टी युवा मोर्चा के चकेरी मंडल उपाध्यक्ष अंशु गुप्ता ने पुलिस को तहरीर देकर आरोप लगाया कि सोशल मीडिया पर विधानसभा अध्यक्ष सतीश महाना के खिलाफ लगातार आपत्तिजनक टिप्पणियां की जा रही हैं। इसके जरिए उनकी राजनीतिक और सामाजिक प्रतिष्ठा को नुकसान पहुंचाने की कोशिश की जा रही है।

शिकायतकर्ता का आरोप है कि फेसबुक पर बनाए गए ‘बहाना जी’ नामक पेज के माध्यम से विधानसभा अध्यक्ष को निशाना बनाया जा रहा है। इस मामले में कांग्रेस ग्रामीण जिलाध्यक्ष संदीप शुक्ला सहित पांच लोगों को नामजद करते हुए अज्ञात व्यक्तियों के खिलाफ भी शिकायत दी गई है।

मामले को गंभीरता से लेते हुए चकेरी थाना पुलिस ने तहरीर के आधार पर एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस सोशल मीडिया पर की गई टिप्पणियों और संबंधित फेसबुक पेज की भूमिका की पड़ताल कर रही है।

फिलहाल आरोपों की सत्यता पुलिस जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी। इस मामले में नामजद कांग्रेस पदाधिकारियों का पक्ष सामने नहीं आया है।

और पढ़ें

[the_ad id="164"]