वाराणसी में सेल्फी के चक्कर में भीषण हादसा, ट्रक की टक्कर से 4 दोस्तों की मौत, 3 गंभीर

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

वाराणसी में प्रयागराज-वाराणसी हाईवे पर सेल्फी लेने के लिए रुकी स्कॉर्पियो को ट्रक ने टक्कर मार दी| हादसे में चार लोगों की मौत हो गई|

ओवरब्रिज पर खड़े दोस्तों को ट्रक ने कुचला

उत्तर प्रदेश के वाराणसी में सोमवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसा हुआ| मिर्जामुराद थाना क्षेत्र के रूपापुर गांव के पास प्रयागराज-वाराणसी हाईवे (NH-19) के ओवरब्रिज पर स्कॉर्पियो सवार सात लोग रुके थे| बताया जा रहा है कि सभी विंध्याचल धाम में दर्शन करने के बाद काशी लौट रहे थे| सुबह करीब छह बजे वे गाड़ी से उतरकर रेलिंग के पास सेल्फी ले रहे थे| इसी दौरान पीछे से आए तेज रफ्तार ट्रक ने स्कॉर्पियो और वहां खड़े लोगों को टक्कर मार दी| टक्कर इतनी जोरदार थी कि वाहन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया| हादसे में कई लोग गंभीर रूप से घायल हो गए और दो लोग पुल से नीचे जा गिरे|

चार की मौत, तीन लोग गंभीर रूप से घायल

हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस और राहत दल मौके पर पहुंचे| घायलों को एंबुलेंस से अस्पताल पहुंचाया गया, जहां इलाज के दौरान एक और व्यक्ति की मौत हो गई| मृतकों में अमन यादव, गोलू और आलोक मिश्रा के नाम सामने आए हैं| एक अन्य मृतक की पहचान की पुष्टि नहीं हुई है| घायलों में कन्हैया यादव और निखिल कुमार शामिल हैं| तीसरे घायल की पहचान को लेकर भी जानकारी जुटाई जा रही है| पुलिस के मुताबिक, सभी लोगों की उम्र लगभग 30 से 40 वर्ष के बीच बताई गई है| मृतकों के शव पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिए गए हैं|

ट्रक छोड़कर चालक फरार, CCTV से जांच

पुलिस के अनुसार, हादसे के बाद ट्रक चालक घटनास्थल से करीब 200 मीटर दूर वाहन छोड़कर भाग गया| उसकी पहचान करने के लिए आसपास के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है| घटनास्थल पर मिली स्कॉर्पियो में प्रसाद के डिब्बे, नारियल और चुनरी भी मिले हैं| इससे अंदाजा लगाया जा रहा है कि सभी लोग विंध्याचल धाम से दर्शन करके लौट रहे थे| स्थानीय लोगों से पूछताछ में सामने आया है कि हादसे से पहले वे ओवरब्रिज पर गाड़ी रोककर सेल्फी ले रहे थे| हालांकि, फ़िलहाल पुलिस मामले की तफ्तीश में जुटी है|

और पढ़ें

[the_ad id="164"]