लखीमपुर खीरी: चारा लेकर लौट रहे 65 वर्षीय किसान की चाकुओं से गोदकर हत्या, ग्रामीणों का फूटा गुस्सा

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

लखीमपुर खीरी। जिले के सदर कोतवाली क्षेत्र के मथना गांव में शनिवार देर शाम एक बुजुर्ग किसान की चाकुओं से गोदकर हत्या कर दी गई। वारदात के समय किसान अपने खेत से मवेशियों के लिए चारा लेकर घर लौट रहा था। घटना के बाद गांव में तनाव फैल गया और आक्रोशित ग्रामीणों ने पुलिस के खिलाफ जमकर नाराजगी जताई।

मृतक की पहचान मथना गांव निवासी शिवसागर वर्मा (65) के रूप में हुई है। मिली जानकारी के मुताबिक, शनिवार शाम खेत से चारा लेकर लौटते समय रास्ते में अज्ञात हमलावरों ने उन पर हमला कर दिया। हमलावरों ने चाकुओं से ताबड़तोड़ वार किए, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गए। अधिक खून बहने के कारण उनकी मौके पर ही मौत हो गई। वारदात के बाद हमलावर फरार हो गए।

घटना की सूचना मिलने पर सदर कोतवाली पुलिस और गढ़ी चौकी पुलिस के साथ वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे। अपर पुलिस अधीक्षक और एसएसपी डॉ. ख्याति गर्ग ने भी घटनास्थल का जायजा लिया। हालांकि, पुलिस के पहुंचने पर ग्रामीणों का आक्रोश देखने को मिला। ग्रामीणों और पुलिस अधिकारियों के बीच तीखी नोकझोंक हुई।

ग्रामीणों ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए ले जाने का विरोध किया और सड़क जाम कर दी। शव ले जाने के प्रयास के दौरान भी हंगामे की स्थिति बनी रही। हालात को संभालने के लिए स्थानीय विधायक योगेश वर्मा भी मौके पर पहुंचे और नाराज ग्रामीणों को समझाने का प्रयास किया।

वहीं, मृतक के परिजनों ने पुलिस पर गंभीर आरोप लगाए हैं। उनका कहना है कि शिवसागर वर्मा पर पहले भी जानलेवा हमला हुआ था और इसकी शिकायत पुलिस से की गई थी। परिजनों का आरोप है कि उस समय प्रभावी कार्रवाई नहीं हुई। हालांकि, इन आरोपों की स्वतंत्र पुष्टि होना बाकी है।

फिलहाल, हत्या के पीछे की वजह स्पष्ट नहीं हो सकी है। गांव में तनाव को देखते हुए पुलिस बल तैनात किया गया है। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है और परिजनों की तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर आरोपियों की तलाश की जाएगी।

रिपोर्ट: मुनीष वर्मा, लखीमपुर खीरी।

और पढ़ें

[the_ad id="164"]