मेरठ। मेरठ के परतापुर थाना क्षेत्र में पुलिस और स्वाट टीम ने मुठभेड़ के बाद चेन स्नैचिंग के दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक, खरखौदा रोड पर चेकिंग के दौरान आरोपियों ने पुलिस टीम पर गोली चला दी। जवाबी कार्रवाई और भागने के दौरान हुए हादसे में दोनों आरोपी घायल हो गए। पुलिस ने उन्हें उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया है।
पुलिस के अनुसार, आरोपी गाजियाबाद से मेरठ आकर सुबह की सैर पर निकलने वाले लोगों को निशाना बनाते थे। खरखौदा रोड पर चेकिंग के दौरान पुलिस ने उन्हें रोकने का प्रयास किया, तभी मुठभेड़ हो गई। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में दोनों आरोपियों के पैर में गोली लगने की जानकारी सामने आई है। भागने की कोशिश के दौरान एक्सप्रेसवे पर गिरने से भी उन्हें चोटें आईं।
कार्रवाई के दौरान पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से दो अवैध तमंचे, कारतूस, वारदात में इस्तेमाल की जाने वाली डोमिनार बाइक और कथित तौर पर लूटी गई सोने की दो चेन बरामद की हैं।
पुलिस के मुताबिक, गिरफ्तार आरोपियों में मुख्य आरोपी मोहम्मद दानिश गाजियाबाद के साहिबाबाद थाने का हिस्ट्रीशीटर है। उसके खिलाफ लूट और चेन स्नैचिंग समेत कई मुकदमे दर्ज होने की बात कही गई है।
फिलहाल, दोनों घायल आरोपियों का अस्पताल में उपचार कराया जा रहा है। पुलिस मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई कर रही है।
रिपोर्ट: उज्जवल रस्तोगी, मेरठ।









