मेरठ: जिमखाना मैदान में हुआ लंका दहन, जय श्रीराम के जयघोष से गूंजा रामलीला परिसर

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

मेरठ। बुढ़ाना गेट स्थित जिमखाना मैदान में शनिवार, 17 अक्टूबर 2026 को रामलीला मंचन के दौरान लंका दहन की लीला का भव्य आयोजन किया गया। हनुमान जी के पराक्रम, रावण दरबार में उनके निर्भीक संवाद और लंका दहन के जीवंत मंचन ने श्रद्धालुओं को रोमांचित कर दिया। पूरे मैदान में जय श्रीराम और जय हनुमान के जयघोष गूंजते रहे।

श्री सनातन धर्म रक्षिणी सभा पंजीकृत मेरठ शहर के तत्वावधान में श्री रामलीला कमेटी पंजीकृत मेरठ शहर की ओर से आयोजित कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य उद्घाटनकर्ता रवि सिंघल, वर्षा ज्वेलर्स की उपस्थिति में हुआ। राजीव गुप्ता, मनोज अग्रवाल, सूरज गुप्ता और सुबोध जिंदल सहित अन्य गणमान्य लोगों ने पूजन किया। प्रसाद सेवा पंकज मित्तल की ओर से की गई। इसके बाद विधिवत पूजा-अर्चना के साथ लीला मंचन शुरू हुआ।

रामलीला में हनुमान जी का लंका प्रवेश, विभीषण-हनुमान मिलन, माता सीता से संवाद, अशोक वाटिका उजाड़ना, अक्षय कुमार वध, रावण-हनुमान संवाद और लंका दहन का प्रभावशाली मंचन किया गया।

अशोक वाटिका में हनुमान जी और विभीषण की भेंट से लेकर माता सीता को श्रीराम की मुद्रिका सौंपने तक के दृश्यों ने दर्शकों को भावविभोर कर दिया। इसके बाद रावण के दरबार में हनुमान जी और रावण के बीच हुए संवाद ने दर्शकों में खास उत्साह पैदा किया। हनुमान जी ने श्रीराम की महिमा का वर्णन करते हुए रावण को उसके अहंकार और माता सीता को बंदी बनाने के परिणामों से अवगत कराया।

वहीं, विभीषण द्वारा रावण को समझाने और अंततः श्रीराम की शरण में जाने के प्रसंग का भी मंचन किया गया। लंका दहन के दृश्य के दौरान पूरा रामलीला परिसर जय श्रीराम और जय हनुमान के नारों से गूंज उठा। हजारों की संख्या में मौजूद श्रद्धालुओं ने तालियों और जयघोष के साथ कलाकारों का उत्साह बढ़ाया।

कार्यक्रम के दौरान रामभक्ति, धर्म और अधर्म पर सत्य की विजय का संदेश दिया गया। आयोजन में संस्था के पदाधिकारियों और सदस्यों ने व्यवस्थाओं में सहयोग किया।

रामलीला कमेटी के अध्यक्ष मनोज गुप्ता ने बताया कि रविवार, 18 अक्टूबर को जिमखाना मैदान में विभीषण शरणागति, रामेश्वरम पूजा, सेतु बंध, रावण-अंगद संवाद, मेघनाथ-लक्ष्मण युद्ध, लक्ष्मण शक्ति और हनुमान जी द्वारा संजीवनी बूटी लाने की लीलाओं का मंचन किया जाएगा।

इस अवसर पर संस्था अध्यक्ष मनोज गुप्ता, महामंत्री मनोज अग्रवाल, कोषाध्यक्ष योगेंद्र अग्रवाल बबलू, डॉ. आलोक गुप्ता, राकेश गर्ग, रोहताश प्रजापति, राकेश शर्मा, विपुल सिंघल, मयंक अग्रवाल सहित हजारों श्रद्धालु उपस्थित रहे।

रिपोर्ट: रूपाली रस्तोगी, मेरठ।

और पढ़ें

[the_ad id="164"]