बांदा: यमुना नदी में नहाते समय 16 वर्षीय किशोर डूबा, गोताखोरों की मदद से तलाश जारी

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

बांदा। उत्तर प्रदेश के बांदा जिले में यमुना नदी में नहाते समय 16 वर्षीय किशोर गहरे पानी में डूब गया। घटना मरका थाना क्षेत्र के बाकल गांव स्थित यमुना नदी की है। किशोर अपने पिता के साथ जोगनी माता मंदिर के मेले में गुलाब लच्छी बेचने आया था। हादसे के बाद परिजनों में कोहराम मच गया।

जानकारी के मुताबिक, हमीरपुर जिले के भरुआ सुमेरपुर थाना क्षेत्र के पछखुरा गांव निवासी राहुल साहू पुत्र विनोद साहू, उम्र करीब 16 वर्ष, शनिवार को बाकल गांव में आयोजित मेले में अपने पिता के साथ आया था। इसी दौरान वह यमुना नदी में नहाने लगा और गहरे पानी में डूब गया।

घटना की सूचना मिलते ही मरका थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस स्थानीय गोताखोरों की मदद से नाव और जाल के जरिए किशोर की तलाश करा रही है। शनिवार शाम करीब छह बजे तक किशोर का कोई पता नहीं चल सका था।

किशोर की तलाश के लिए तहसीलदार राधेश्याम सिंह और मरका थाना प्रभारी सूबेदार बिंद सहित भारी संख्या में पुलिस बल मौके पर जुटा रहा। नदी में लगातार तलाश अभियान चलाया जा रहा है।

इस घटना के बाद परिवार में मातम पसरा हुआ है। परिजन किशोर के सकुशल मिलने की आस लगाए हुए हैं।

रिपोर्ट: बांदा, उत्तर प्रदेश।

और पढ़ें

[the_ad id="164"]