सहारनपुर: मिशन शक्ति अभियान-6 के तहत 100 स्कूटी पर 200 महिलाओं ने निकाली रैली, महिला सुरक्षा का दिया संदेश

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

सहारनपुर। महिलाओं और बालिकाओं की सुरक्षा, सम्मान एवं सशक्तीकरण को बढ़ावा देने के लिए सहारनपुर में मिशन शक्ति अभियान-6 के प्रथम चरण के तहत जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। शनिवार को नकुड़ थाना क्षेत्र स्थित हरि इंस्टीट्यूट में आयोजित कार्यक्रम का शुभारंभ अपर पुलिस महानिदेशक, मेरठ जोन ने हरी झंडी दिखाकर किया।

कार्यक्रम के दौरान महिला सुरक्षा और सशक्तीकरण का संदेश देने के लिए स्कूटी रैली निकाली गई। इसमें करीब 100 स्कूटी पर 200 महिलाओं ने हिस्सा लिया। रैली के माध्यम से लोगों को बाल विवाह की रोकथाम, महिला सुरक्षा और बाल संरक्षण के प्रति जागरूक किया गया।

कार्यक्रम में पुलिस उपमहानिरीक्षक सहारनपुर परिक्षेत्र, जिलाधिकारी, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक सहित कई वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे। वहीं, हरि इंस्टीट्यूट के छात्र-छात्राओं ने नुक्कड़ नाटक के जरिए बाल विवाह, साइबर अपराध, छेड़छाड़ और बच्चों की सुरक्षा जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर लोगों को जागरूक किया। बच्चों को गुड टच और बैड टच के बारे में भी जानकारी दी गई।

इस अवसर पर एशियाई खेलों में महिलाओं की 4×400 मीटर रिले में स्वर्ण पदक और व्यक्तिगत 400 मीटर दौड़ में कांस्य पदक जीतने वाली एथलीट प्राची चौधरी को सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में करीब एक हजार छात्र-छात्राओं ने भाग लिया। उत्कृष्ट सहभागिता के लिए विद्यार्थियों, अभिभावकों और पुलिसकर्मियों को भी सम्मानित किया गया।

सहारनपुर पुलिस ने आमजन से बाल विवाह रोकने तथा महिलाओं और बच्चों की सुरक्षा सुनिश्चित करने में सहयोग करने की अपील की। अधिकारियों ने जागरूकता को महिला सशक्तीकरण और सुरक्षित समाज के निर्माण की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताया।

रिपोर्ट: नीरज जोय, सहारनपुर।

और पढ़ें

[the_ad id="164"]