खड्डा, कुशीनगर। महिलाओं एवं बालिकाओं की सुरक्षा, सम्मान और स्वावलंबन को बढ़ावा देने के उद्देश्य से शनिवार को खड्डा थाने में मिशन शक्ति अभियान फेज-6.0 के तहत पिंक समाधान दिवस एवं मिशन शक्ति तहसील दिवस का आयोजन किया गया। इस दौरान महिलाओं की समस्याएं सुनकर उनके त्वरित एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण का प्रयास किया गया।
पुलिस अधीक्षक कुशीनगर के निर्देशन में आयोजित कार्यक्रम में मिशन शक्ति टीम ने महिलाओं से संबंधित शिकायतों को प्राथमिकता देते हुए उनकी समस्याएं सुनीं। साथ ही महिलाओं और बालिकाओं को उनके अधिकारों एवं सुरक्षा के प्रति जागरूक किया गया।
कार्यक्रम में घरेलू हिंसा, साइबर अपराध, छेड़खानी और महिला उत्पीड़न जैसी घटनाओं से बचाव के उपाय बताए गए। पुलिस टीम ने महिलाओं को किसी भी प्रकार की परेशानी होने पर बिना झिझक शिकायत दर्ज कराने की अपील की।
इस दौरान महिला पावर लाइन 1090, पुलिस आपातकालीन सेवा 112, महिला हेल्पलाइन 181, चाइल्ड हेल्पलाइन 1098 और मुख्यमंत्री हेल्पलाइन 1076 की जानकारी दी गई।
थानाध्यक्ष महेश चौबे ने महिलाओं की शिकायतों के प्रभावी निस्तारण और सुरक्षा सुनिश्चित करने पर जोर दिया।
कार्यक्रम में महिला उपनिरीक्षक पूर्णिमा सरोज, कांस्टेबल धनजी यादव, शिवम गुप्ता, महिला कांस्टेबल अंजली गुप्ता और पीआरडी जवान रामपरीखन सहित मिशन शक्ति टीम के सदस्य मौजूद रहे।
पुलिस टीम ने महिलाओं को सुरक्षा और सम्मान के लिए हरसंभव सहयोग देने का भरोसा दिलाया।









