ब्रजभूमि को स्वच्छ रखना हम सभी की नैतिक जिम्मेदारी: नवीन पूनिया

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

अक्षय पात्र और जन उदय विजन फाउंडेशन ने चलाया स्वच्छता अभियान, गिरिराज तलहटी को प्लास्टिक मुक्त बनाने का संकल्प

गोवर्धन, मथुरा। ब्रजभूमि और श्रीगिरिराज गोवर्धन की तलहटी को स्वच्छ एवं प्लास्टिक मुक्त बनाने के उद्देश्य से शनिवार को अक्षय पात्र फाउंडेशन और जन उदय विजन फाउंडेशन के संयुक्त तत्वावधान में विशेष स्वच्छता अभियान चलाया गया। इस दौरान गोविंद कुंड स्थित मनोहर बाबा की गौशाला से जतीपुरा तक गिरिराज तलहटी में साफ-सफाई की गई।

भारतीय राष्ट्रीय हैंडबॉल टीम के कोच एवं जन उदय विजन फाउंडेशन के संस्थापक नवीन पूनिया ने कहा कि ब्रजभूमि को स्वच्छ रखना प्रत्येक नागरिक की नैतिक जिम्मेदारी है। धार्मिक स्थलों की पवित्रता और प्राकृतिक सुंदरता बनाए रखने के लिए सभी को सामूहिक प्रयास करने होंगे।

अभियान के दौरान फाउंडेशन के कर्मचारियों, युवाओं और स्वयंसेवकों ने तलहटी में बिखरे प्लास्टिक एवं अन्य कचरे को एकत्रित किया। कचरे को बैग में भरकर ट्रैक्टर के माध्यम से बाहर पहुंचाया गया।

अक्षय पात्र फाउंडेशन के अनंत प्रभु ने युवाओं को स्वच्छता, पर्यावरण संरक्षण और नशामुक्ति के प्रति जागरूक किया। उन्होंने कहा कि युवाओं को स्वस्थ और अनुशासित जीवनशैली अपनाकर समाज में सकारात्मक बदलाव लाना चाहिए।

नवीन पूनिया ने लोगों से सार्वजनिक स्थानों पर कचरा न फैलाने और प्लास्टिक का उपयोग कम करने की अपील की।

इस अवसर पर राजीव रावत, अमित झा, जितेंद्र शर्मा, विष्णु शर्मा, आकांक्षा, मनीष और कुंज बिहारी पांडे सहित बड़ी संख्या में स्वयंसेवक मौजूद रहे। सभी ने स्वच्छ ब्रज बनाने का संकल्प लिया।

और पढ़ें

[the_ad id="164"]