उत्तर प्रदेश के जनपद कासगंज में अलीगढ़ मंडल के मंडलायुक्त ओम प्रकाश आर्य एक दिवसीय दौरे पर पहुंचे। उन्होंने तहसील सदर में आयोजित संपूर्ण समाधान दिवस में फरियादियों की शिकायतें सुनीं और संबंधित अधिकारियों को समस्याओं के निस्तारण के निर्देश दिए। इसके बाद मंडलायुक्त ने जिलाधिकारी प्रणय सिंह के साथ जिला अस्पताल का निरीक्षण किया। यहां उन्होंने स्वास्थ्य सेवाओं का जायजा लिया और नवनिर्मित ट्रॉमा सेंटर का निर्माण कार्य एक सप्ताह के भीतर पूरा करने के निर्देश दिए।
जनपद कासगंज में अपने एक दिवसीय दौरे के दौरान मंडलायुक्त ओम प्रकाश आर्य ने प्रशासनिक व्यवस्थाओं और स्वास्थ्य सेवाओं की हकीकत परखी। दौरे की शुरुआत तहसील सदर में आयोजित संपूर्ण समाधान दिवस से हुई, जहां उन्होंने विभिन्न समस्याओं को लेकर पहुंचे फरियादियों की शिकायतें सुनीं। साथ ही संबंधित अधिकारियों को शिकायतों का समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
इसके बाद मंडलायुक्त ओम प्रकाश आर्य, जिलाधिकारी प्रणय सिंह के साथ जिला अस्पताल पहुंचे। यहां उन्होंने अस्पताल की व्यवस्थाओं और स्वास्थ्य सेवाओं का निरीक्षण किया। दी गई जानकारी के अनुसार, निरीक्षण के दौरान अस्पताल की व्यवस्थाएं सामान्य रूप से ठीक पाई गईं।
इसके बाद मंडलायुक्त ने नवनिर्मित ट्रॉमा सेंटर का निरीक्षण कर निर्माण कार्य की प्रगति देखी। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि निर्माण कार्य में तेजी लाते हुए इसे एक सप्ताह के भीतर पूरा किया जाए, ताकि क्षेत्र के लोगों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने की दिशा में काम आगे बढ़ सके।









