महराजगंज। जिले में जब्त माल के निस्तारण को लेकर चलाए जा रहे अभियान के तहत कोठीभार थाना पुलिस ने शनिवार को बड़ी कार्रवाई की। पुलिस ने आबकारी अधिनियम के 31 मुकदमों से संबंधित कुल 1324.35 लीटर अवैध शराब का नियमानुसार विनष्टीकरण कराया। इस दौरान पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों की मौजूदगी में पूरी प्रक्रिया संपन्न कराई गई।
पुलिस अधीक्षक शक्ति मोहन अवस्थी के निर्देशन में चलाए जा रहे अभियान के तहत यह कार्रवाई अपर पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ के निर्देशन और क्षेत्राधिकारी निचलौल रविन्द्र कुमार सिंह के पर्यवेक्षण में की गई।

पुलिस के अनुसार, अपर सिविल जज अवर खंड, कोर्ट संख्या-एक एवं न्यायिक मजिस्ट्रेट महराजगंज के तीन अक्टूबर 2026 के आदेश के अनुपालन में शराब नष्ट की गई। यह शराब वर्ष 2024, 2025 और 2026 में आबकारी अधिनियम के तहत दर्ज 31 मुकदमों से संबंधित थी।
थाना परिसर में गड्ढा खोदकर जब्त शराब का नियमानुसार विनष्टीकरण किया गया। कार्रवाई के दौरान पारदर्शिता बनाए रखने के लिए पूरी प्रक्रिया की वीडियोग्राफी और फोटोग्राफी कराई गई। साथ ही विधिवत पंचनामा भी तैयार किया गया।
इस अवसर पर नायब तहसीलदार निचलौल, क्षेत्राधिकारी रविन्द्र कुमार सिंह, थानाध्यक्ष कोठीभार अखिलेश वर्मा, वरिष्ठ उपनिरीक्षक रत्नेश कुमार मौर्य और हेड मुहर्रिर प्रभात कुमार राय मौजूद रहे।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि न्यायालय के आदेशों के अनुपालन में विभिन्न मुकदमों से संबंधित जब्त माल का निस्तारण नियमानुसार किया जा रहा है।









