लखनऊ में 68500 शिक्षक भर्ती के अभ्यर्थियों ने कैबिनेट मंत्री स्वतंत्र देव सिंह के आवास पर प्रदर्शन किया। हाथों में बैनर-पोस्टर लेकर पहुंचे अभ्यर्थियों ने घंटी बजाकर अपना विरोध जताया और जल्द नियुक्ति देने की मांग उठाई।
प्रदर्शन कर रहे अभ्यर्थियों की मांग है कि आरक्षण से जुड़ी विसंगतियों को दूर किया जाए, भर्ती का संशोधित परिणाम जारी किया जाए और सभी पात्र अभ्यर्थियों को जल्द नियुक्ति दी जाए। अभ्यर्थियों का कहना है कि वे लंबे समय से नियुक्ति की मांग कर रहे हैं, लेकिन अब तक उनकी समस्या का समाधान नहीं हुआ है।
अपनी मांगों को लेकर अभ्यर्थियों ने सरकार से न्याय की गुहार लगाई। प्रदर्शनकारियों ने भर्ती प्रक्रिया में कथित विसंगतियों को दूर कर पात्र अभ्यर्थियों को उनका हक देने की मांग की।
68500 शिक्षक भर्ती का मामला एक बार फिर अभ्यर्थियों के प्रदर्शन के चलते चर्चा में आ गया है। अब अभ्यर्थियों को सरकार और संबंधित विभाग की ओर से उनकी मांगों पर कार्रवाई का इंतजार है।









