इटावा। भरथना-बिधूना मार्ग पर ग्राम पड़ियापुरा के पास महिला से हुई लूट के मामले में पुलिस ने आरोपी को मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार करने का दावा किया है। पुलिस के मुताबिक, शुक्रवार रात चेकिंग के दौरान आरोपी की ओर से फायरिंग की गई। जवाबी कार्रवाई में उसके बाएं पैर में गोली लगी, जिसके बाद उसे सीएचसी भरथना में भर्ती कराया गया।

पुलिस ने आरोपी की पहचान मैनपुरी जिले के किशनी थाना क्षेत्र निवासी अनुज शाक्य उर्फ अनुज कुमार के रूप में की है। उसके कब्जे से लूट से संबंधित 700 रुपये, .315 बोर का तमंचा, दो जिंदा कारतूस और एक खोखा कारतूस बरामद किया गया है। घटना में इस्तेमाल की गई काले रंग की अपाचे मोटरसाइकिल भी पुलिस ने कब्जे में ली है।
एसपी ग्रामीण श्रीशचंद्र के अनुसार, आरोपी के खिलाफ इटावा, मैनपुरी, फतेहगढ़ और औरैया समेत कई जनपदों में 30 से अधिक मुकदमे दर्ज होने की जानकारी मिली है। पुलिस उसके आपराधिक इतिहास और अन्य संभावित साथियों के संबंध में जांच कर रही है।
महिला से लूट के मामले में भरथना थाने में मुकदमा दर्ज है। पुलिस ने मुठभेड़ और बरामदगी के संबंध में भी कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।









