बुलंदशहर। जिले में नगर पालिका द्वारा कॉलोनी के बाहर कूड़ा डाले जाने को लेकर स्थानीय लोगों का गुस्सा फूट पड़ा। एनएच-34 के पास स्थित मोहम्मदनगर कॉलोनी में नगर पालिका द्वारा कूड़ा डाले जाने के विरोध में मोहल्लेवासियों ने जमकर हंगामा किया। नाराज लोगों ने मौके पर पहुंचकर नगर पालिका प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी करते हुए धरना शुरू कर दिया।
स्थानीय लोगों का आरोप है कि नगर पालिका द्वारा आबादी के नजदीक कूड़ा डाला जा रहा है, जिससे आसपास गंदगी फैलने और बीमारियों का खतरा बढ़ रहा है। लोगों का कहना है कि कॉलोनी के बाहर कूड़ा डालने से दुर्गंध और प्रदूषण की समस्या पैदा हो सकती है।
प्रदर्शन कर रहे मोहल्लेवासियों ने नगर पालिका प्रशासन से तत्काल कूड़ा डालना बंद कराने और उचित स्थान पर कूड़ा निस्तारण की व्यवस्था करने की मांग की।
हंगामे और धरने की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को संभालने का प्रयास किया। प्रदर्शनकारियों ने चेतावनी दी कि यदि उनकी समस्या का जल्द समाधान नहीं किया गया तो वे अनिश्चितकालीन धरने पर बैठने को मजबूर होंगे।
स्थानीय लोगों ने प्रशासन से मामले में तत्काल हस्तक्षेप कर समस्या का स्थायी समाधान कराने की मांग की है।









