बदायूं। जिले के उझानी कोतवाली क्षेत्र में चोरों ने एक बंद मकान को निशाना बनाते हुए लाखों रुपये के सोने-चांदी के जेवरात और नकदी पर हाथ साफ कर दिया। घटना नगर के मोहल्ला नज़ियाई की है, जहां चोरों ने घर में घुसकर अलमारी और बक्सों के ताले तोड़ दिए। पीड़ित परिवार ने चोरी गए सामान की अनुमानित कीमत 20 से 25 लाख रुपये बताई है।
जानकारी के अनुसार, मोहल्ला नज़ियाई निवासी स्वर्गीय सुरेश वाल्मीकि की पत्नी उर्मिला अपने भतीजे जितेंद्र के साथ घर में ताला लगाकर बरेली रिश्तेदारी में गई थीं। इसी दौरान अज्ञात चोरों ने बंद मकान को निशाना बना लिया।

बताया जा रहा है कि चोर जीने के रास्ते घर में दाखिल हुए और अंदर लगे ताले तोड़कर अलमारी व बक्सों में रखे कीमती आभूषण और नकदी लेकर फरार हो गए।
शुक्रवार सुबह जब उर्मिला और उनके भतीजे जितेंद्र घर लौटे तो अंदर सामान बिखरा देखकर उनके होश उड़ गए। जितेंद्र ने बताया कि वह अपनी बुआ के साथ बरेली गए थे। वापस आने पर चोरी की जानकारी हुई।
परिजनों के अनुसार, चोरी गए सामान की सही कीमत उर्मिला के बेटे और पत्नी के दिल्ली से लौटने के बाद स्पष्ट हो सकेगी।
घटना की सूचना मिलते ही उझानी कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जानकारी जुटाई। चोरी की वारदात से मोहल्ले में चिंता का माहौल है।









