उत्तर प्रदेश के मुरादाबाद में कटघर पुलिस ने लोगों को भूत-प्रेत और बीमारी का डर दिखाकर जेवर ठगने के आरोप में चार लोगों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक, आरोपी बुजुर्गों और महिलाओं को अपने जाल में फंसाकर उनके सोने-चांदी के जेवर और रुपये लेकर फरार हो जाते थे। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से सोने की बालियां, दो अंगूठियां, चांदी की पायल और दो हजार रुपये बरामद किए हैं। मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
पूरा मामला मुरादाबाद के कटघर थाना क्षेत्र का है, जहां पुलिस ने जेवर ठगी करने के आरोप में चार लोगों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, आरोपी बुजुर्गों और भोले-भाले लोगों को भूत-प्रेत का साया होने और घर में बीमारी आने का डर दिखाते थे। इसके बाद उन्हें विश्वास में लेकर उनके जेवर और रुपये ठगकर फरार हो जाते थे।
पुलिस के मुताबिक, कटघर क्षेत्र में एक महिला के साथ हुई ठगी की घटना के बाद सीसीटीवी कैमरों की मदद से आरोपियों की पहचान की गई। शुक्रवार को पुलिस ने शाकिर निवासी हापुड़, शारुख निवासी गाजियाबाद, हसन और सुलेमान उर्फ कल्लू को गुलाबबाड़ी चुंगी के पास नगर निगम की दुकानों के सामने से गिरफ्तार किया।
पूछताछ के दौरान पुलिस के अनुसार, दो आरोपियों ने मझोला थाना क्षेत्र के प्रकाश नगर चौराहे के पास एक महिला के कानों के कुंडल ठगने की घटना में भी शामिल होने की बात स्वीकार की है।
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से सोने की बालियां, दो अंगूठियां, चांदी की पायल और दो हजार रुपये बरामद किए हैं। पुलिस का कहना है कि आरोपियों का आपराधिक इतिहास भी सामने आया है और मामले में आगे की जांच जारी है।









