मुरादाबाद कलेक्ट्रेट में शुक्रवार को किसानों ने अपनी मांगों को लेकर धरना-प्रदर्शन किया। ट्रैक्टर लेकर पहुंचे किसानों ने सरकार और प्रशासन के सामने खेती से जुड़े मुद्दों को प्रमुखता से उठाया।
किसानों की प्रमुख मांग है कि आगामी पेराई सत्र के लिए गन्ने का राज्य परामर्शी मूल्य बढ़ाकर 500 रुपये प्रति क्विंटल किया जाए। किसानों का कहना है कि डीजल, खाद, कीटनाशक, सिंचाई और मजदूरी की लागत लगातार बढ़ रही है। ऐसे में खेती को लाभकारी बनाने के लिए गन्ने का उचित मूल्य मिलना जरूरी है। इसके साथ ही उन्होंने गन्ना भुगतान समय से कराने की मांग भी उठाई।
प्रदर्शन के दौरान किसानों ने असमय बारिश और तेज हवाओं से फसलों को हुए नुकसान का मुद्दा भी उठाया। उनका कहना है कि बारिश से धान, उड़द, मूंग समेत अन्य फसलों को नुकसान पहुंचा है। किसानों ने गांववार सर्वे कराकर वास्तविक नुकसान का आकलन करने और प्रभावित किसानों को उचित मुआवजा देने की मांग की।
किसानों के मुताबिक, बढ़ती कृषि लागत और मौसम की मार के चलते उन्हें आर्थिक परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। इसी को लेकर उन्होंने कलेक्ट्रेट पहुंचकर अपनी आवाज बुलंद की।









