नोएडा में पुलिस मुठभेड़ के दौरान दो शातिर बदमाश गिरफ्तार, दोनों के पैर में लगी गोली

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

आरोपियों पर दर्ज हैं 94 मुकदमे, 2.19 लाख रुपये नकद, दो पिस्टल और कारतूस बरामद

नोएडा। नोएडा के थाना सेक्टर-39 क्षेत्र में पुलिस और दो शातिर बदमाशों के बीच मुठभेड़ हो गई। पुलिस के मुताबिक, जवाबी कार्रवाई में दोनों बदमाशों के पैर में गोली लगी, जिसके बाद उन्हें गिरफ्तार कर लिया गया। पकड़े गए आरोपियों की पहचान सलमान और तनवीर के रूप में हुई है।

पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपी सलमान के खिलाफ पहले से 49 आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं, जबकि तनवीर पर 45 मुकदमे दर्ज हैं। दोनों आरोपी लंबे समय से आपराधिक गतिविधियों में संलिप्त बताए जा रहे हैं। पुलिस का दावा है कि आरोपी नोएडा सहित दिल्ली-एनसीआर में 100 से अधिक आपराधिक घटनाओं को अंजाम दे चुके हैं।

मुठभेड़ के बाद पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 2 लाख 19 हजार रुपये नकद, दो पिस्टल और कारतूस बरामद किए हैं। पुलिस दोनों के आपराधिक इतिहास और अन्य घटनाओं में उनकी संलिप्तता की जांच कर रही है।

एडीसीपी नोएडा अभय कुमार मिश्र ने मामले की जानकारी देते हुए बताया कि सेक्टर-39 थाना पुलिस ने मुठभेड़ के बाद दोनों आरोपियों को गिरफ्तार किया है।

पुलिस अब आरोपियों से जुड़े अन्य आपराधिक मामलों की जानकारी जुटाने में लगी है। साथ ही बरामद नकदी और हथियारों के संबंध में भी जांच की जा रही है।

और पढ़ें

[the_ad id="164"]