मुरादाबाद मंडल के युवाओं के लिए अच्छी खबर है। अभ्युदय योजना के तहत मंडल के पांच जनपदों के 316 युवाओं को प्रतियोगी परीक्षाओं की निशुल्क कोचिंग उपलब्ध कराई जाएगी। इसके लिए मंडल स्तर पर फिजिक्स वाला कोचिंग संस्थान के साथ एमओयू किया गया है। योजना का शुभारंभ 21 अक्टूबर को मुरादाबाद में होगा।
जिलाधिकारी अनुनय झा ने बताया कि इस योजना के तहत युवाओं को यूपीएससी, पीसीएस, यूपी पुलिस सब इंस्पेक्टर (UPSI), पीईटी समेत विभिन्न प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कराई जाएगी।
योजना के लिए चयनित युवाओं में मुरादाबाद के 71, बिजनौर के 31, अमरोहा के 40, रामपुर के 82 और संभल के 92 बच्चे शामिल हैं। इस पहल का उद्देश्य आर्थिक कारणों से कोचिंग की सुविधा से वंचित युवाओं को बेहतर मार्गदर्शन और प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी का अवसर देना है।
जिलाधिकारी ने उम्मीद जताई कि निशुल्क कोचिंग से युवाओं को अपने लक्ष्य तक पहुंचने में मदद मिलेगी। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि मंडल के युवा प्रतियोगी परीक्षाओं में बेहतर प्रदर्शन कर सरकारी सेवाओं में चयनित होंगे और प्रदेश का नाम रोशन करेंगे।









