रामलीला मंच पर भोजपुरी गाने पर डांस का वीडियो वायरल, धार्मिक मर्यादा को लेकर उठे सवाल

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

विश्व हिंदू परिषद और सामाजिक संगठनों ने जताई नाराजगी, प्रशासन से जांच कर कार्रवाई की मांग

सोनभद्र। जिले के बीजपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत बखरिहवा बाजार में रामलीला मंच पर भोजपुरी गाने पर डांस किए जाने का कथित वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो सामने आने के बाद रामलीला जैसे धार्मिक आयोजन की मर्यादा और पवित्रता को लेकर सवाल उठने लगे हैं। वहीं, विश्व हिंदू परिषद सहित विभिन्न सामाजिक संगठनों ने इस पर नाराजगी जताई है।

वायरल वीडियो में रामलीला के मंच पर भोजपुरी गाने पर नृत्य होता दिखाई देने का दावा किया जा रहा है। इसे लेकर क्षेत्र में चर्चाओं का बाजार गर्म है। धार्मिक आयोजन के मंच पर इस तरह के प्रदर्शन को लेकर कुछ लोगों ने आपत्ति जताते हुए आयोजन समिति की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाए हैं।

विश्व हिंदू परिषद के काशी प्रांत धर्म प्रसार प्रमुख नरसिंह त्रिपाठी ने वायरल वीडियो में दिखाए गए प्रदर्शन को अशोभनीय बताते हुए इसकी कड़ी निंदा की है। उन्होंने कहा कि रामलीला हमारी धार्मिक आस्था, संस्कृति और परंपराओं से जुड़ा पवित्र आयोजन है। ऐसे आयोजनों की गरिमा बनाए रखना सभी की जिम्मेदारी है।

उन्होंने प्रशासन से पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर नियमानुसार कार्रवाई करने की मांग की। साथ ही रामलीला आयोजन समितियों से धार्मिक मर्यादा और पवित्रता बनाए रखने की अपील की।

फिलहाल वायरल वीडियो की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है। वीडियो कब का है और किन परिस्थितियों में बनाया गया, इसकी आधिकारिक जानकारी सामने नहीं आई है।

रिपोर्ट -अमलेश सोनकर

और पढ़ें

[the_ad id="164"]