पुष्पक एक्सप्रेस में 4 यात्रियों पर हमले के आरोपी की हिरासत में मौत, हैलट अस्पताल में तोड़ा दम

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

उत्तर प्रदेश के उन्नाव से एक बड़ी खबर सामने आई है। लखनऊ से कानपुर जा रही पुष्पक एक्सप्रेस में एक महिला समेत चार यात्रियों पर धारदार वस्तु से हमला करने के आरोपी नेपाली युवक की कानपुर के हैलट अस्पताल में मौत हो गई। युवक को उन्नाव रेलवे स्टेशन पर आरपीएफ ने हिरासत में लिया था। इसके बाद आरपीएफ पोस्ट की हवालात में उसने कथित तौर पर खुद को गंभीर रूप से घायल कर लिया। घटना के बाद हिरासत में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सवाल उठ रहे हैं। वहीं, अधिकारियों का कहना है कि मामले की जांच जारी है।

जानकारी के मुताबिक, मंगलवार रात पुष्पक एक्सप्रेस में सफर कर रहा युवक कथित तौर पर नशे की हालत में यात्रियों से गाली-गलौज और अश्लील हरकतें कर रहा था। यात्रियों ने विरोध किया तो उसने ब्लेड जैसी धारदार वस्तु से हमला कर दिया। इस घटना में एक महिला समेत चार यात्री घायल हो गए। ट्रेन में अफरा-तफरी के बीच यात्रियों ने रेलवे हेल्पलाइन नंबर 139 पर सूचना दी।

शिकायत मिलने के बाद मंगलवार रात करीब 10 बजकर 20 मिनट पर उन्नाव रेलवे स्टेशन पहुंची ट्रेन से आरपीएफ ने आरोपी को हिरासत में लिया। पूछताछ में उसने अपना नाम अनिल, पुत्र कउदे, और पता नेपाल के डॉग जिले के बिजोली टिकरी थाना क्षेत्र का बताया।

इसके बाद उसे आरपीएफ पोस्ट की हवालात में रखा गया। देर रात युवक ने कथित तौर पर किसी नुकीली वस्तु से अपने गले पर कई वार कर खुद को घायल कर लिया। गंभीर हालत में उसे पहले जिला अस्पताल ले जाया गया, फिर कानपुर के हैलट अस्पताल रेफर किया गया, जहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। बुधवार को कानपुर में शव का पोस्टमार्टम कराया गया।

सुरक्षा व्यवस्था पर उठे सवाल

हिरासत में युवक के पास नुकीली वस्तु कैसे पहुंची और निगरानी के बावजूद यह घटना कैसे हुई, इन सवालों के जवाब जांच के बाद ही स्पष्ट होंगे।

आरपीएफ कमांडेंट लखनऊ देवेश शुक्ला ने बताया कि मामले की जांच जारी है और अभी किसी कर्मचारी के खिलाफ कार्रवाई नहीं की गई है। वहीं, सीओ जीआरपी लखनऊ हृकेश यादव के अनुसार, फिलहाल मामले में कोई तहरीर नहीं मिली है और जांच की जा रही है।

 

और पढ़ें

[the_ad id="164"]