नौतनवा, महाराजगंज। नौतनवा थाना क्षेत्र के ग्राम चकदह मरचहवा में एक नाबालिग किशोरी को कथित प्रेमजाल में फंसाकर शादी और धर्म परिवर्तन का दबाव बनाने का मामला सामने आया है। किशोरी की मां ने गांव के ही एक युवक पर गंभीर आरोप लगाते हुए क्षेत्राधिकारी नौतनवा को शिकायती पत्र सौंपकर कार्रवाई की मांग की है।
पीड़ित महिला के अनुसार, आरोपी युवक उसकी करीब 17 वर्षीय पुत्री को काफी समय से परेशान कर रहा था। आरोप है कि वह किशोरी पर शादी करने और धर्म परिवर्तन का दबाव बना रहा था। विरोध करने पर पूरे परिवार को जान से मारने की धमकी भी देता था।
शिकायती पत्र में महिला ने बताया कि 15 अक्टूबर की शाम करीब सात से आठ बजे के बीच उसकी पुत्री रास्ते से गुजर रही थी। इसी दौरान आरोपी ने उसे रोककर मारपीट की और दुष्कर्म का प्रयास किया। आरोप है कि युवक ने किशोरी के गले से सोने का लॉकेट भी छीन लिया।
घटना से भयभीत परिवार ने हिंदू रक्षा दल के कार्यकर्ताओं के साथ क्षेत्राधिकारी नौतनवा से मुलाकात की। पीड़ित परिवार ने आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज करने, निष्पक्ष जांच कराने और किशोरी की सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग की है।
फिलहाल पुलिस की आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है। शिकायती पत्र में लगाए गए आरोपों की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है। जांच के बाद ही मामले की वास्तविक स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।









