*23 सितंबर को नेहरू इंटर कॉलेज सेमरी में लगेगा वृहद रोजगार मेला*

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

कुशीनगर। जिला सेवायोजन अधिकारी संजय कुमार ने बताया कि उत्तर प्रदेश रोजगार मिशन एवं ‘सेवा संकल्प अभियान’ के अंतर्गत जिलाधिकारी महोदय के निर्देश पर 23 सितंबर को नेहरू इंटर कॉलेज, सेमरी सुकरौली, विधानसभा हाटा के परिसर में एक दिवसीय वृहद रोजगार मेले का आयोजन किया जाएगा।

रोजगार मेला पूर्वाह्न 10 बजे से अपराह्न 3 बजे तक चलेगा। उन्होंने बताया कि जिला सेवायोजन कार्यालय एवं मॉडल करियर सेंटर, कुशीनगर के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित मेले में टाटा मोटर्स, एलएंडटी फाइनेंस, एसबीआई लाइफ इंश्योरेंस, टीवीएस इलेक्ट्रॉनिक्स, जयभारत मारुति, वीवो, उत्कर्ष फाइनेंस बैंक, एलआईसी सहित लगभग 20 से 25 प्रतिष्ठित कंपनियां प्रतिभाग करेंगी।

कंपनियों द्वारा सेल्स एक्जीक्यूटिव, ब्लॉक ऑफिसर, फील्ड ऑफिसर, सिक्योरिटी गार्ड, सुपरवाइजर, लोन ऑफिसर, डिलीवरी बॉय एवं ऑपरेटर आदि पदों पर प्राथमिक चयन किया जाएगा। मेले में 300 से अधिक रिक्त पदों पर भर्ती की कार्यवाही प्रस्तावित है। जिला सेवायोजन अधिकारी ने बताया कि इंटरमीडिएट, स्नातक, परास्नातक, डिप्लोमा एवं आईटीआई उत्तीर्ण तथा 18 से 35 वर्ष आयु के बेरोजगार अभ्यर्थी प्रतिभाग कर सकते हैं।

इच्छुक अभ्यर्थी सेवायोजन विभाग के पोर्टल rojgaarsangam.up.gov.in पर पंजीकरण कर मेले में शामिल हों। अभ्यर्थी अपने शैक्षिक प्रमाण-पत्र, आधार कार्ड, फोटो एवं बायोडाटा साथ लेकर सुबह 10 बजे आयोजन स्थल पर पहुंचें।उन्होंने बताया कि रोजगार मेले में प्रतिभाग की पूरी प्रक्रिया निःशुल्क है। अभ्यर्थियों को किसी प्रकार का यात्रा व्यय देय नहीं होगा।

 

साजिद अंसारी पड़रौना

और पढ़ें

[the_ad id="164"]