कुशीनगर। पडरौना नगर के होटल पी.एम. पैलेस में रविवार को समाजवादी पार्टी की ओर से PDA जन पंचायत एवं विधानसभा कमेटी, जोन, सेक्टर व बूथ प्रभारियों की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में मुख्य अतिथि एवं कुशीनगर–महराजगंज प्रभारी ओम प्रकाश यादव तथा जिला अध्यक्ष रामअवध यादव की उपस्थिति में पार्टी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं से संगठन की मजबूती तथा आगामी 2027 विधानसभा चुनाव की तैयारियों को लेकर विस्तार से संवाद किए साथ ही उन्हें अंगवस्त्र देकर सम्मानित भी किए।
मुख्य अतिथि एवं कुशीनगर-महराजगंज प्रभारी ओम प्रकाश यादव ने कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा कि आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर पार्टी कार्यकर्ताओं को अभी से पूरी मजबूती के साथ जुटना होगा। पार्टी की नीतियों, विचारधारा और PDA के संदेश को गांव-गांव और जन-जन तक पहुंचाने की जरूरत है। उन्होंने विधानसभा कमेटी से लेकर जोन, सेक्टर और बूथ स्तर तक संगठन को मजबूत करने पर जोर देते हुए कार्यकर्ताओं से अपनी जिम्मेदारियों का पूरी निष्ठा के साथ निर्वहन करने का आह्वान किया।
पूर्व राज्य मंत्री एवं पडरौना सदर विधानसभा क्षेत्र-330 से नेता जावेद इकबाल ने कहा कि मजबूत संगठन और एकजुट कार्यकर्ताओं के दम पर ही 2027 में समाजवादी पार्टी की सरकार बनाने का लक्ष्य हासिल किया जा सकता है। उन्होंने कहा कि कार्यकर्ता जनता के बीच लगातार संपर्क बनाए रखें और पार्टी की नीतियों एवं समाजवादी विचारधारा को जन-जन तक पहुंचाएं। उन्होंने बूथ स्तर पर संगठन को मजबूत करने तथा अधिक से अधिक लोगों को पार्टी से जोड़ने पर जोर दिया।
जिला अध्यक्ष रामअवध यादव ने कहा कि पार्टी संगठन की मजबूती के लिए बूथ स्तर तक कार्यकर्ताओं की सक्रियता बेहद जरूरी है। उन्होंने पदाधिकारियों से आपसी समन्वय के साथ काम करने और अपने-अपने क्षेत्रों में नियमित जनसंपर्क अभियान चलाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि आगामी विधानसभा चुनाव को देखते हुए संगठन की गतिविधियों को और प्रभावी बनाया जाएगा तथा प्रत्येक कार्यकर्ता को उसकी जिम्मेदारी के अनुसार सक्रिय भूमिका निभानी होगी।
वहीं पूर्व ब्लॉक प्रमुख एवं पड़रौना विधानसभा प्रत्याशी रहे विक्रमा यादव ने अपने संबोधन में कहा कि कार्यकर्ताओं की मेहनत और संगठन की मजबूती ही पार्टी की सबसे बड़ी ताकत है।
उन्होंने कहा कि समाजवादी पार्टी के कार्यकर्ताओं को गांव-गांव और घर-घर जाकर लोगों से संवाद करना चाहिए तथा पार्टी की नीतियों एवं विचारधारा से जनता को अवगत कराना चाहिए।
उन्होंने कहा कि बूथ स्तर पर संगठन को मजबूत करके ही 2027 के लक्ष्य को हासिल किया जा सकता है। बैठक के दौरान सेक्टर से लेकर बूथ स्तर तक जिम्मेदारी संभाल रहे कार्यकर्ताओं को गमछा ओढ़ाकर सम्मानित भी किया गया। पार्टी पदाधिकारियों ने कार्यकर्ताओं का उत्साहवर्धन करते हुए उन्हें संगठन को मजबूत करने और आगामी चुनाव की तैयारियों में पूरी सक्रियता के साथ जुटने का संदेश दिया। सम्मानित किए गए कार्यकर्ताओं में सेक्टर और बूथ स्तर पर पार्टी के लिए काम कर रहे पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता शामिल रहे।
उक्त मौके पर पूर्व राज्यमंत्री राधेश्याम सिंह,पूर्व सांसद बालेश्वर यादव,राजेन्द्र उर्फ मुन्ना यादव, जिला उपाध्यक्ष डॉ वीरेन्द्र यादव,विजेंद्र पाल उर्फ बबलू यादव,विधानसभा अध्यक्ष रामप्रताप कुशवाहा, बनारसी यादव,नगर अध्यक्ष पडरौना जितेन्द्र जायसवाल,अल्पसंख्यक सभा के प्रदेश सचिव शाहिद लारी,पडरौना ब्लाक अध्यक्ष रेयाज अहमद, नियाजद्दीन अंसारी सहित तमाम कार्यकर्ता मौजूद रहे।
साजिद अंसारी पड़रौना









