कुशीनगर। मिशन शक्ति फेज-6.0 के तहत महिला सशक्तीकरण और बालिकाओं में नेतृत्व क्षमता विकसित करने के उद्देश्य से शुक्रवार को कप्तानगंज थाने में अनूठी पहल की गई। द क्रिसेन्ट स्कूल की कक्षा 12वीं की छात्रा अंशिका सिंह को सांकेतिक रूप से एक दिन का थानाध्यक्ष बनाया गया। इस दौरान अंशिका ने थाने पहुंचे फरियादियों की शिकायतें सुनीं और पुलिस की कार्यप्रणाली को करीब से समझा।
कप्तानगंज थाना क्षेत्र के बौलिया निवासी सुनील कुमार सिंह की पुत्री अंशिका सिंह को थानाध्यक्ष की जिम्मेदारी संभालने का अवसर दिया गया। इस दौरान पुलिस अधिकारियों ने उन्हें जनसुनवाई, शिकायतों के निस्तारण और कानून व्यवस्था बनाए रखने में पुलिस की भूमिका के बारे में जानकारी दी।

कार्यक्रम के तहत द क्रिसेन्ट स्कूल की अन्य छात्राओं को भी थाना परिसर और कार्यालय का भ्रमण कराया गया। छात्राओं ने महिला हेल्प डेस्क, साइबर हेल्प डेस्क, महिला शक्ति केंद्र, आईजीआरएस कार्यालय, कंप्यूटर कक्ष और हवालात के बारे में जानकारी प्राप्त की।
थानाध्यक्ष कप्तानगंज और मिशन शक्ति टीम ने छात्राओं को महिला सुरक्षा, उनके अधिकारों और कर्तव्यों के प्रति जागरूक किया। साथ ही किसी भी परेशानी में पुलिस से सहायता लेने के लिए प्रेरित किया।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि इस पहल का उद्देश्य बालिकाओं में आत्मविश्वास, नेतृत्व क्षमता और निर्णय लेने की योग्यता विकसित करना है।
मिशन शक्ति अभियान के माध्यम से कुशीनगर पुलिस महिलाओं और बालिकाओं की सुरक्षा, सम्मान तथा स्वावलंबन के लिए लगातार जागरूकता कार्यक्रम चला रही है।









