हेतिमपुर (देवरिया)। आदर्श नगर पंचायत हेतिमपुर में बुधवार को श्रद्धा और उत्साह के साथ भव्य भरत मिलाप रथ यात्रा निकाली गई। मर्यादा, त्याग और भाईचारे का संदेश लेकर निकली यात्रा का नगर में जगह-जगह पुष्पवर्षा कर स्वागत किया गया। भगवान श्रीराम के जयघोष से पूरा नगर भक्तिमय हो उठा।
दोपहर करीब 12 बजे शुरू हुई रथ यात्रा में सैकड़ों श्रद्धालुओं ने भाग लिया। ढोल-नगाड़ों और डीजे की धुन पर श्रद्धालु भक्ति में झूमते नजर आए। नगर के विभिन्न मोहल्लों, गलियों और प्रमुख चौराहों से गुजरने के दौरान लोगों ने भगवान श्रीराम की आरती उतारी और पूजा-अर्चना कर सुख-समृद्धि की कामना की।
रथ यात्रा में नगर पंचायत अध्यक्ष वीरेंद्र कुमार यादव भी शामिल हुए। उन्होंने कहा कि भरत का त्याग, प्रेम और समर्पण समाज के लिए प्रेरणास्रोत है। भरत जैसा भाई होना अत्यंत दुर्लभ है। उन्होंने बताया कि आयोजन का मुख्य उद्देश्य समाज में प्रेम, एकता, सद्भाव और भाईचारे की भावना को मजबूत करना है।
उन्होंने कहा कि भरत मिलाप केवल धार्मिक परंपरा नहीं, बल्कि पारिवारिक रिश्तों में त्याग, सम्मान और निस्वार्थ प्रेम का प्रतीक है। भगवान श्रीराम और भरत का आदर्श आज भी समाज को एकजुट रहने की प्रेरणा देता है।
आयोजकों के अनुसार, रथ यात्रा नगर भ्रमण के बाद श्रीराम-जानकी मंदिर परिसर पहुंचेगी। धार्मिक आयोजन देर रात तक जारी रहेगा। यात्रा को लेकर श्रद्धालुओं में विशेष उत्साह देखने को मिला।








