हरिद्वार। धर्मनगरी हरिद्वार में मां गंगा के दर्शन के लिए आने वाले श्रद्धालुओं को जल्द ही आवागमन की नई सुविधा मिलने वाली है। दीपावली से पहले हरकी पैड़ी क्षेत्र में ‘गंगा सारथी’ इलेक्ट्रिक गोल्फ कार्ट सेवा शुरू करने की तैयारी की जा रही है। इससे बुजुर्गों, बच्चों और दिव्यांगजनों को धार्मिक स्थलों तक पहुंचने में सहूलियत मिलेगी।
जिलाधिकारी मयूर दीक्षित और मुख्य नगर आयुक्त नंदन कुमार की पहल पर नगर निगम इस योजना को शुरू करने की तैयारी कर रहा है। प्रस्तावित योजना के तहत शुरुआती चरण में 20 इलेक्ट्रिक गोल्फ कार्ट संचालित की जाएंगी। पहले चरण में मुख्य डाकघर से हरकी पैड़ी और दूसरे चरण में हरकी पैड़ी से भीमगोड़ा कुंड तक सेवा चलाने की योजना है।
करीब ढाई किलोमीटर के दायरे में संचालित होने वाली इस सेवा का प्रस्तावित किराया 20 रुपये प्रति यात्री रखा गया है। यात्रियों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए गोल्फ कार्ट में जीपीएस ट्रैकिंग सिस्टम, अग्निशमन उपकरण और प्राथमिक उपचार किट की व्यवस्था की जाएगी।
इसके अलावा सेवा के सुचारु संचालन के लिए टिकट काउंटर, चार्जिंग स्टेशन और मेंटेनेंस सेंटर भी बनाए जाने की योजना है। बैटरी से चलने वाले इन वाहनों से धुआं नहीं निकलेगा, जिससे वायु प्रदूषण कम करने में मदद मिलेगी। साथ ही ध्वनि प्रदूषण में भी कमी आएगी।
नगर निगम की इस पहल से हरकी पैड़ी और आसपास के धार्मिक स्थलों पर आने वाले श्रद्धालुओं को सुविधाजनक परिवहन उपलब्ध कराने में मदद मिलेगी। फिलहाल दीपावली से पहले सेवा शुरू करने की तैयारी की जा रही है।









