कुशीनगर। खड्डा तहसील के रेता क्षेत्र के करीब तीन हजार किसानों को बड़ी राहत मिली है। किसानों के गन्ने का आवंटन महराजगंज जिले की गड़ौरा चीनी मिल से हटाकर आईपीएल चीनी मिल खड्डा को कर दिया गया है। लंबे समय से गन्ना आवंटन बदलने की मांग कर रहे किसानों ने इस फैसले पर खुशी जताते हुए जनप्रतिनिधियों का आभार व्यक्त किया है।
रेता क्षेत्र के शिवपुर, मरिचहवा, बसंतपुर, नारायणपुर, हरिहरपुर और भैंसहा के बालगोविंद छपरा गांव के आसपास के किसान गन्ने की खेती करते हैं। इनका गन्ना पहले गड़ौरा चीनी मिल को आवंटित था। किसानों को दूर स्थित मिल तक गन्ना पहुंचाने में परिवहन और आपूर्ति संबंधी परेशानियों का सामना करना पड़ता था।
वहीं, गड़ौरा चीनी मिल पर पिछले पेराई सत्र का गन्ना मूल्य भुगतान बकाया होने से किसानों की चिंता बढ़ गई थी। इसे देखते हुए किसान लगातार अपने गन्ने का आवंटन खड्डा चीनी मिल में कराने की मांग कर रहे थे।
इस मुद्दे को सहकारी गन्ना विकास समिति की किसान बैठक में भी उठाया गया था। किसानों ने अपनी समस्याएं जनप्रतिनिधियों के सामने रखीं। इसके बाद सांसद विजय कुमार दुबे, खड्डा विधायक विवेकानंद पांडेय और केन यूनियन चेयरमैन सुप्रियमय मालवीय ने उनकी मांग को आगे बढ़ाया।
आवंटन बदलने की जानकारी मिलने पर किसानों ने राहत की सांस ली है। उन्हें उम्मीद है कि स्थानीय चीनी मिल को गन्ना आपूर्ति करने से परिवहन की परेशानी कम होगी और आगामी पेराई सत्र में गन्ना आपूर्ति सुचारु होने के साथ भुगतान भी समय पर मिल सकेगा।









