उत्तर प्रदेश के औरैया जिले से एक दर्दनाक हादसे की खबर सामने आई है। यहां अमृत भारत एक्सप्रेस ट्रेन की चपेट में आने से मामा-भांजे की मौत हो गई। हादसा अछल्दा रेलवे क्रॉसिंग संख्या 13-B के पास हुआ। बताया जा रहा है कि दोनों सूरत से अपने घर लौट रहे थे। इस घटना के बाद परिवार में मातम पसरा हुआ है।
जानकारी के मुताबिक, औरैया जिले में अछल्दा रेलवे क्रॉसिंग संख्या 13-B के पास मामा-भांजे अमृत भारत एक्सप्रेस की चपेट में आ गए। हादसे में दोनों की जान चली गई। घटना के बाद ट्रेन के लोको पायलट ने इमरजेंसी ब्रेक लगाकर ट्रेन को रोक दिया। इसके बाद करीब पांच मिनट तक इंजन की जांच की गई। जांच के बाद ट्रेन को उसके गंतव्य की ओर रवाना कर दिया गया।
वहीं, हादसे की जानकारी मिलते ही परिजनों में चीख-पुकार मच गई। मौके पर पहुंचीं मीना देवी ने मृतकों की पहचान की। उनके मुताबिक, मृतक राजू उनका बेटा और मृतक कृष्ण उनका भाई था। घटना के बाद परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है।
इस दर्दनाक हादसे से इलाके में शोक का माहौल है। घटना के संबंध में अन्य विस्तृत जानकारी की प्रतीक्षा है।









