महराजगंज। जिले के अंतिम छोर पर स्थित सोहगीबरवा क्षेत्र में आंगनबाड़ी केंद्रों के संचालन और बच्चों के लिए आने वाले पोषाहार के वितरण को लेकर ग्रामीणों ने गंभीर सवाल उठाए हैं। ग्रामीणों का आरोप है कि ग्राम सभा के मंदिर टोला और बाबू टोला स्थित आंगनबाड़ी केंद्रों पर सरकारी योजनाओं के तहत आने वाले पोषाहार के वितरण में अनियमितता की जा रही है।
ग्रामीणों का कहना है कि सरकार की ओर से आंगनबाड़ी केंद्रों के बच्चों के लिए पोषाहार भेजा जाता है, लेकिन केंद्र पर पहुंचने के बाद उसका उचित तरीके से वितरण नहीं हो रहा है। आरोप है कि पोषाहार आखिर कहां जा रहा है, इसकी जानकारी ग्रामीणों को नहीं मिल पा रही है। इसको लेकर कई ग्रामीणों ने संबंधित अधिकारियों से शिकायत किए जाने की बात कही है, लेकिन उनका आरोप है कि अभी तक मामले में अपेक्षित संज्ञान नहीं लिया गया।
ग्रामीणों का यह भी कहना है कि सोहगीबरवा जिला मुख्यालय से काफी दूर और जिले के अंतिम छोर पर स्थित होने के कारण विभागीय अधिकारियों का नियमित निरीक्षण यहां कम हो पाता है। इसी का फायदा उठाकर जिम्मेदारों द्वारा कथित रूप से आंगनबाड़ी व्यवस्था में मनमानी की जा रही है।
ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की है कि मंदिर टोला और बाबू टोला के आंगनबाड़ी केंद्रों की निष्पक्ष जांच कराई जाए, पोषाहार वितरण का रिकॉर्ड और स्टॉक रजिस्टर जांचा जाए तथा यदि अनियमितता प्रमाणित होती है तो जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कार्रवाई की जाए।









