बृजमनगंज/महराजगंज। सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत आयोजित जनपद स्तरीय प्रतियोगिताओं में आलमाइटी पब्लिक इंटर कॉलेज, बृजमनगंज के विद्यार्थियों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए विद्यालय का नाम रोशन किया। विभिन्न प्रतियोगिताओं में विद्यार्थियों ने अपनी प्रतिभा, ज्ञान और अभिव्यक्ति कौशल का प्रभावशाली प्रदर्शन किया।
जनपद स्तरीय प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता में कक्षा 12 की छात्रा रोशनी ने चौथा स्थान हासिल किया, जबकि इसी कक्षा की छात्रा विजयलक्ष्मी ने पांचवां स्थान प्राप्त किया। वहीं भाषण प्रतियोगिता में कक्षा 12 के छात्र गुलाम गौस ने तीसरा स्थान हासिल कर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया।
प्रतियोगिता कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में आयुष मंत्री दयाशंकर मिश्र उपस्थित रहे। विशिष्ट अतिथियों के रूप में सदर विधायक जयमंगल कन्नौजिया, नौतनवां विधायक ऋषि त्रिपाठी, सिसवा विधायक प्रेम सागर पटेल और पनियरा विधायक ज्ञानेन्द्र सिंह की गरिमामयी उपस्थिति रही। अतिथियों ने विद्यार्थियों के प्रदर्शन की सराहना करते हुए उनका उत्साहवर्धन किया।
विद्यार्थियों की इस उपलब्धि पर विद्यालय के प्रबंधक महमूद आलम और प्रधानाचार्य प्रेमशंकर चौहान ने प्रसन्नता व्यक्त की। उन्होंने प्रतियोगिता में प्रतिभाग करने वाले सभी विद्यार्थियों को बधाई देते हुए कहा कि ऐसी प्रतियोगिताएं विद्यार्थियों के ज्ञान और आत्मविश्वास को बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं। उन्होंने विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए आगे भी इसी तरह मेहनत और लगन से सफलता हासिल करने के लिए प्रेरित किया।









