महराजगंज। सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत बुधवार को जनपद में व्यापक स्तर पर योग शिविरों का आयोजन किया गया। जिले के विभिन्न आयुष चिकित्सालयों, शैक्षणिक संस्थानों, सार्वजनिक पार्कों, अमृत सरोवरों सहित अन्य सार्वजनिक स्थलों पर आयोजित शिविरों में बड़ी संख्या में लोगों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया और योगाभ्यास किया। योग प्रशिक्षकों एवं आयुष चिकित्सकों ने प्रतिभागियों को विभिन्न योगासनों और प्राणायाम का अभ्यास कराया तथा नियमित योग के महत्व की जानकारी दी।
इसी क्रम में विकास भवन परिसर में आयुष विभाग की ओर से आयुष शिविर का आयोजन किया गया। शिविर का उद्घाटन मुख्य विकास अधिकारी महेंद्र कुमार सिंह ने किया। उन्होंने शिविर का निरीक्षण करते हुए योगाभ्यास और पारंपरिक चिकित्सा पद्धति के महत्व पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि नियमित योगाभ्यास शारीरिक एवं मानसिक स्वास्थ्य को बेहतर बनाने में सहायक है। स्वस्थ जीवनशैली के लिए लोगों को योग को अपनी दैनिक दिनचर्या का हिस्सा बनाना चाहिए।

मुख्य विकास अधिकारी ने शिविर में आयुष चिकित्सकों एवं कर्मचारियों द्वारा किए जा रहे कार्यों का भी जायजा लिया। उन्होंने अधिकारियों और चिकित्सकों को जनसामान्य को आयुष चिकित्सा पद्धतियों के प्रति जागरूक करने तथा गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। साथ ही ग्रामीण एवं दूरस्थ क्षेत्रों तक आयुष चिकित्सा सेवाओं की पहुंच सुनिश्चित करने पर जोर दिया।
उन्होंने कहा कि सेवा संकल्प अभियान के माध्यम से योग, स्वस्थ जीवनशैली और आयुष चिकित्सा के प्रति लोगों को जागरूक किया जा रहा है। ऐसे आयोजनों से लोगों को स्वास्थ्य के प्रति सजग रहने और नियमित योगाभ्यास के लिए प्रेरणा मिलती है।
इस अवसर पर जिला होम्योपैथिक अधिकारी डॉ. आरके द्विवेदी, क्षेत्रीय आयुष अधिकारी डॉ. हरेंद्र कुमार जैसवार सहित आयुष विभाग के चिकित्सक, कर्मचारी एवं अन्य संबंधित लोग मौजूद रहे।









