
पूरा मामला संदना थाना क्षेत्र के रघुनाथपुर तेंदुआ गांव का है। जानकारी के मुताबिक, बृहस्पतिवार सुबह गांव के पूरब स्थित जंगल में एकव्यक्ति का शव पड़ा मिला। मृतक की पहचान गांव निवासी झपटे पुत्र भगौती के रूप में हुई है।
बताया जा रहा है कि झपटे गांव के बाहर जंगल में कुटिया बनाकर रहते थे। सुबह शव मिलने की सूचना पर मौके पर ग्रामीणों की भीड़ जुट गई। मृतक के पैर पर धारदार हथियार से चोट के निशान बताए जा रहे हैं। घटना की जानकारी मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया।
परिजनों ने गांव के ही एक व्यक्ति पर हत्या करने का आरोप लगाया है। हालांकि, हत्या के पीछे की वजह अभी स्पष्ट नहीं हो सकी है।
सूचना मिलने पर संदना थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। पुलिस घटना से जुड़े सभी पहलुओं की पड़ताल कर रही है। क्षेत्राधिकारी मिश्रिख ने भी मामले को लेकर जानकारी दी। पुलिस का कहना है कि जांच के बाद ही घटना की वास्तविक स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।









