गोरखपुर। 102 यूपी बटालियन गोरखपुर के तत्वावधान में 9 से 18 अक्टूबर तक आयोजित कंबाइंड एनुअल ट्रेनिंग कैंप (CATC) में दिग्विजय नाथ इंटरमीडिएट कॉलेज, चौक बाजार के एनसीसी कैडेट्स ने शानदार प्रदर्शन कर विद्यालय का नाम रोशन किया। कैंप की ब्रावो कंपनी का हिस्सा रहे विद्यालय के कैडेट्स ने अनुशासन, प्रतिभा और मेहनत के दम पर ओवरऑल द्वितीय स्थान हासिल किया। विभिन्न प्रतियोगिताओं में मेडल और पुरस्कार जीतकर लौटे कैडेट्स के सम्मान में विद्यालय परिसर में पुरस्कार वितरण समारोह आयोजित किया गया।
कार्यक्रम विद्यालय के प्रधानाचार्य डॉ. हरिद्र यादव की उपस्थिति में संपन्न हुआ। शिक्षकों एवं शिक्षिकाओं ने विजेता कैडेट्स को मेडल और पुरस्कार देकर उनका उत्साहवर्धन किया। कैंप में कैडेट्स का नेतृत्व लेफ्टिनेंट शेषनाथ ने किया। कार्यक्रम का संयोजन एसओ तुलसी प्रसाद ने किया, जबकि मंच संचालन डॉ. पंकज कुमार गुप्ता ने किया।
विभिन्न प्रतियोगिताओं में कैडेट्स का शानदार प्रदर्शन
कैंप की क्वार्टर गार्ड प्रतियोगिता में विद्यालय को कुल पांच मेडल मिले। आशुतोष तिवारी को क्वार्टर गार्ड कमांडर के प्रतिष्ठित मेडल से सम्मानित किया गया। वहीं, सीनियर विंग में अजीत और जूनियर विंग में श्वेता शर्मा ने बेस्ट कैडेट का गोल्ड मेडल हासिल किया।
वाद-विवाद प्रतियोगिता में श्वेता शर्मा ने शानदार प्रदर्शन करते हुए गोल्ड मेडल जीता। खेल प्रतियोगिताओं में भी विद्यालय के कैडेट्स ने अपनी प्रतिभा का परिचय दिया। अजीत ने वॉलीबॉल और रस्साकशी में गोल्ड मेडल अपने नाम किया। जूनियर विंग वॉलीबॉल में विनय ने सिल्वर मेडल, जबकि सीनियर डिवीजन वॉलीबॉल में शिव कुमार विश्वकर्मा ने गोल्ड मेडल हासिल किया। प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता में रितेश विश्वकर्मा ने सिल्वर मेडल जीतकर विद्यालय को गौरवान्वित किया।
विद्यालय परिवार ने दी बधाई
कैडेट्स की उपलब्धियों पर प्रधानाचार्य डॉ. हरिद्र यादव और विद्यालय परिवार ने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए सभी विजेताओं को बधाई दी और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। विद्यालय प्रशासन ने कहा कि एनसीसी विद्यार्थियों में राष्ट्रभक्ति, अनुशासन, आत्मविश्वास और नेतृत्व क्षमता विकसित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है। कैडेट्स की यह सफलता उनकी मेहनत और प्रशिक्षण का परिणाम है।
विद्यालय परिवार को उम्मीद है कि ये होनहार कैडेट्स भविष्य में भी इसी तरह उत्कृष्ट प्रदर्शन कर विद्यालय और देश का नाम रोशन करेंगे।









