महराजगंज। मुख्य विकास अधिकारी महेंद्र कुमार सिंह ने शनिवार को वृहद गोआश्रय स्थल मधुकर महादेवा का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने गोवंशों के रखरखाव, चारा-भूसा की उपलब्धता, साफ-सफाई और स्वास्थ्य संबंधी व्यवस्थाओं का जायजा लेते हुए अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान मुख्य पशु चिकित्साधिकारी डॉ. एजाज अहमद ने बताया कि गोआश्रय स्थल में कुल 356 गोवंश संरक्षित हैं, जिनमें 300 नंदी और 56 गायें शामिल हैं। गोवंशों के भरण-पोषण के लिए 100 कुंतल भूसा उपलब्ध है, जबकि 200 कुंतल भूसा अतिरिक्त आरक्षित रखा गया है। इसके अलावा 10 कुंतल साइलेज और छह कुंतल पशु आहार भी उपलब्ध है।
उन्होंने बताया कि गोवंशों को नियमित हरा चारा उपलब्ध कराने के लिए चार किसानों से अनुबंध किया गया है।
सीडीओ ने पशु चिकित्साधिकारियों को गोआश्रय स्थल का नियमित निरीक्षण कर गोवंशों के स्वास्थ्य परीक्षण और बीमार पशुओं का समय से उपचार सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने बीमार गोवंशों के लिए अलग सुरक्षित कक्ष बनाने तथा चारा खाने में सुविधा के लिए नाद की गहराई कम कराने को कहा।
सीडीओ ने स्पष्ट किया कि गोवंशों की देखभाल में किसी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
निरीक्षण के दौरान जिला विकास अधिकारी बीएन कन्नौजिया, मुख्य पशु चिकित्साधिकारी डॉ. एजाज अहमद, एआर कोऑपरेटिव सुनील गुप्ता, बीडीओ फरेंदा अतुल कुमार सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।









