सिसवा गोपाल में अज्ञात कारणों से लगी आग, ग्रामीणों की मदद से आग पर पाया गया काबू

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

हल्का लेखपाल ने मौके पर पहुंचकर किया नुकसान का आकलन

खड्डा, कुशीनगर। खड्डा क्षेत्र के ग्राम पंचायत सिसवा गोपाल में अज्ञात कारणों से लगी आग से एक ग्रामीण का घर जलकर राख हो गया। इस घटना में घर में रखा सामान पूरी तरह जल गया, जबकि एक मवेशी भी झुलस गया। आग लगने की घटना से गांव में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।

मिली जानकारी के अनुसार, सिसवा गोपाल निवासी विक्रम चौहान पुत्र रामबली चौहान के घर में अचानक आग लग गई। आग की लपटें देखकर ग्रामीण मौके पर जुट गए और आग बुझाने में जुट गए। ग्रामीणों की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया। हालांकि, तब तक घर में रखा सामान जलकर राख हो चुका था।

घटना की सूचना मिलने पर डायल 112 पुलिस टीम मौके पर पहुंची और आवश्यक जानकारी जुटाने के बाद वहां से चली गई। वहीं, सूचना मिलने पर हल्का लेखपाल ने मौके पर पहुंचकर आग से हुए नुकसान का आकलन किया। उन्होंने पीड़ित परिवार को आश्वासन दिया कि नियमानुसार उपलब्ध सरकारी योजनाओं के तहत सहायता दिलाने का प्रयास किया जाएगा।

घटना के बाद पीड़ित परिवार के सामने रहने और घरेलू जरूरतों को पूरा करने की समस्या खड़ी हो गई है। ग्रामीणों ने प्रशासन से पीड़ित परिवार को उचित सहायता उपलब्ध कराने की मांग की है।

 

और पढ़ें

[the_ad id="164"]